रविवार, 29 सितम्बर 2024
  • Webdunia Deals
  1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. प्रादेशिक
  4. pakistani girl amina get online married to indian arbaaz after seema haider
Written By
Last Modified: रविवार, 6 अगस्त 2023 (22:21 IST)

सीमा हैदर के बाद एक और पाकिस्तानी लड़की ने भारतीय युवक से शादी की, वीजा नहीं मिला तो ऑनलाइन कर लिया निकाह

Bride
जोधपुर। भारत और पाकिस्तान में हुईं दो शादियों को लेकर उठे विवाद के बाद दोनों देशों के एक और जोड़े ने हाल में बिना किसी हंगामे के और दोनों के परिवारों के आशीर्वाद से ऑनलाइन शादी की। राजस्थान के जोधपुर में रहने वाले अधिवक्ता मोहम्मद अरबाज ने पिछले सप्ताह पाकिस्तान के कराची की अमीना से डिजिटल माध्यम से निकाह किया। इस दौरान दोनों ओर बड़ी स्क्रीन लगाई गईं और काजियों ने लड़के-लड़की का निकाह कराया।
 
दूल्हे के पिता मोहम्मद अफजाल ने कहा कि दोनों पक्षों के रिश्तेदारों की मदद से कुछ महीने पहले रिश्ता तय हो गया था। दुल्हन वालों ने वीजा के लिए आवेदन किया था लेकिन इसमें देरी हो रही थी। इसलिए, हमने ऑनलाइन माध्यम से शादी कराने का फैसला किया।
 
जोधपुर में खरादियों का मोहल्ला के निवासी अरबाज ने कहा कि पड़ोसी देशों के लिए ऐसी शादियां नयी नहीं हैं क्योंकि पहले भी डिजिटल माध्यमों से शादियां होती रही हैं।
 
अरबाज ने कहा कि कोविड महामारी के दौरान भी, दोनों देशों के बीच तनावपूर्ण संबंधों के बावजूद ऐसी शादियां हुई थीं।
 
उन्होंने कहा कि हम अब दुल्हन और उसके परिवार के सदस्यों के वीजा मिलने और जोधपुर आने का इंतजार करेंगे। तब एक छोटा समारोह आयोजित किया जाएगा।
 
इस साल की शुरुआत में जोधपुर के मुजम्मिल खान ने पाकिस्तान की उरुज फातिमा से ऑनलाइन माध्यम से शादी की थी।
 
पाकिस्तान के सिंध प्रांत की रहने वाली सीमा हैदर (30) ग्रेटर नोएडा के रबूपुरा इलाके में रहने वाले अपने भारतीय प्रेमी सचिन मीना (22) के साथ रहने के लिए 13 मई को नेपाल के रास्ते एक बस में अपने चार बच्चों के साथ अवैध रूप से भारत में दाखिल हुई थी।
 
4 जुलाई को सीमा को अवैध रूप से भारत में प्रवेश करने के आरोप में स्थानीय पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था और सचिन को अवैध अप्रवासियों को शरण देने के लिए गिरफ्तार कर किया गया था।
 
हालांकि उन दोनों को 7 जुलाई को एक स्थानीय अदालत ने जमानत दे दी थी और दोनों सीमा के चार बच्चों के साथ रबूपुरा में रह रहे हैं।
 
हाल ही में, 34 वर्षीय विवाहित भारतीय महिला, अंजू ने वैध वीजा पर पाकिस्तान के कबायली खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के अपर दीर जिले जाकर नसरुल्ला (24) से शादी की थी। दोनों 2019 में सोशल नेटवर्किंग साइट पर दोस्त बने थे। भाषा  Edited By : Sudhir Sharma
ये भी पढ़ें
Gyanvapi Survey : ज्ञानवापी मस्जिद में लगातार तीसरे दिन सर्वे का काम पूरा, मुस्लिम पक्ष ने क्यों दी बहिष्कार की चेतावनी, जानें आज क्या-क्या हुआ