लालू हुए 70 साल के, नीतीश ने दी बधाई
पटना। राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव के 70वें जन्मदिन पर आज बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार समेत कई दलों के नेताओं ने बधाई दी।
यादव की पत्नी राबड़ी देवी के दस सर्कुलर रोड स्थित घर पर उन्हें जन्मदिन की बधाई देने वालों का सुबह से ही तांता लगा रहा। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने उनके आवास पर पहुंच कर उन्हें गुलदस्ता भेंट किया। इसके बाद कुमार ने यादव से गले मिलकर बधाई दी। उन्होंने श्री यादव के स्वस्थ, सफल और दीर्घ जीवन की कामना की।
राजद अध्यक्ष को सुबह से ही जन्मदिन की बधाई देने वालों का तांता लगा रहा। राजद के प्रदेश अध्यक्ष रामचंद्र पूर्वे कार्यकर्ताओं की ओर से एक बड़ा केक लाए, जिसे यादव ने काटा और कार्यकर्ताओं को खिलाया।
राजद अध्यक्ष को जन्म दिन की बधाई देने वालों मे पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष रामचंद्र पूर्वे, वित मंत्री अब्दुलबारी सिद्दिकी, कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष और शिक्षा मंत्री अशोक चौधरी, कृषि मंत्री रामविचार राय, अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री अब्दुल गफूर, पर्यटन मंत्री अनीता देवी, श्रम संसाधन मंत्री विजय प्रकाश, खान मंत्री मुनेश्वर चौधरी, उद्योग मंत्री जय कुमार सिंह, परिवहन मंत्री चन्द्रिका राय समेत नीतीश मंत्रिमंडल के कई मंत्री, विधायक और विधान परिषद के सदस्य शामिल थे। (वार्ता)