Hanuman Chalisa
Tue, 4 Aug 2026

Notifications

  1. खबर-संसार
  2. समाचार
  3. प्रादेशिक
  4. Monsoon updates, rain, floods in Uttar Pradesh

मॉनसून अपडेट : उप्र में हालात गंभीर, 108 की मौत

Monsoon updates
नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश में बाढ़ की स्थिति गंभीर बनी हुई है जहां पर 28 लाख लोग प्रभावित हुए  हैं। साथ ही चार और लोगों के मरने के साथ ही मृतकों की संख्या 108 हो गई है। हिमाचल प्रदेश में बाढ़ और भूस्खलन के कारण तीन लोग मारे गए हैं।
 
हालांकि बिहार और असम में बाढ़ की स्थिति में लगातार सुधार हुआ है और दोनों राज्यों में आज किसी के मरने की खबर नहीं है। भारी बारिश के कारण राष्ट्रीय राजधानी में पूर्वी दिल्ली के गाजीपुर में कचरे का ढेर का एक हिस्सा ढह जाने की घटना में दो लोगों की मौत हो गई।
 
दिल्ली में आज भारी बारिश के बीच कचरे के ढेर का एक हिस्सा एक कार और तीन दो-पहिया वाहन पर गिर गया जिसके कारण वाहन समीप में नहर में जा गिरे। पांच लोगों को एक नहर से बचाया गया। उत्तर प्रदेश में नेपाल से निकलने वाली नदियों में जलस्तर अधिक होने के कारण काफी बड़े भू-भाग पर नुकसान हुआ है।
 
कल तक के बाढ़ रिपोर्ट का हवाला देते हुए राहत अधिकारी के कार्यालय ने बताया कि प्रभावित जिलों के राहत शिविरों में करीब तीन लाख लोगों को आश्रय दिया गया है, जिसमें से अधिकांश राज्य के पूर्वी हिस्से के हैं।
 
इसमें बताया गया है, राज्य में बाढ़ से मरने वालों की संख्या 108 हो गई है, जहां पर 24 जिलों के 3,101 गांवों के करीब 28 लाख से अधिक लोग बाढ़ से प्रभावित हैं। राज्य के बाढ़ प्रभावित जिलों के गंभीर रूप से प्रभावित क्षेत्रों में वायुसेना के हेलीकॉप्टर, एनडीआरएफ और पीएसी (बाढ़) के कर्मचारी लगातार राहत और बचाव अभियान चला रहे हैं। (भाषा)
ये भी पढ़ें
उत्तराखंड में बारिश से जनजीवन प्रभावित