Hanuman Chalisa
Mon, 17 Aug 2026

Notifications

  1. खबर-संसार
  2. समाचार
  3. प्रादेशिक
  4. Maratha Kranti Morcha in Mumbai

फिर भड़की आरक्षण की आग, मुंबई में मराठा आंदोलन...

Maratha Kranti Morcha
मुंबई। सरकारी नौकरियों और शिक्षा में आरक्षण की मांग को लेकर बुधवार को मराठा समाज के लोगों की ओर से मुंबई में आयोजित रैली में महिलाओं और लड़कियों समेत लाखों लोग शामिल हैं।
  
मराठा क्रांति मोर्चा की 58वीं मूक रैली में लोगों के हाथों में तख्तियां हैं जिन पर 'एक मराठा, लाख मराठा' लिखा हुआ है। यह रैली करीब सुबह 11 बजे जीजाभाई उद्यान से शुरू हुई जो आजाद मैदान में समाप्त होगी। 
 
इस रैली में शामिल होने के लिए राज्य के विभिन्न इलाकों से मराठी लोग एकत्र हुए। महाराष्ट्र के अलावा कर्नाटक में रह रहे मराठी भाषी लोग भी इस रैली में शामिल हैं। रैली में न केवल युवा शामिल हुए बल्कि तीन से चार साल के बच्चे भी शामिल हैं तथा वे आरक्षण को लेकर मीडिया से बातचीत करते नजर आए। 

मराठा मोर्चा की रैली हुतात्मा चौक पर पहुंचने के बाद युवाओं के एक समूह ने सड़क पर बैठ गए तथा यातायात को रोक दिया। पुलिस को राज्य मुख्यालय की ओर जाने से लोगों को रोकने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। आजाद मैदान में स्टेज से लड़कियों ने भाषण दिया, जिसमें उन्होंने राज्य सरकार के प्रति अपने गुस्से का इजहार किया।
 
भाजपा के मुंबई इकाई के अध्यक्ष आशीष शेलार मराठा के समर्थन में आजाद मैदान पहुंचे लेकिन उन्हें मैदान में अंदर जाने की अनुमति नहीं दी गई। दक्षिण मुंबई पूरी तरह आज भगवा रंग में रग गया। हर तरफ लोग भगवा झंडा, सिर पर भगवा टोपी और हाथों में 'एक मराठा, लाख मराठा' लिखी तख्तियां लिए हुए हैं। हार्बर लाइन पर चलने वाली ट्रेनों में लोगों को भारी भीड़ थी और लोग 'जय भवानी तथा जय शिवाजी' के नारे लगा रहे थे। (वार्ता)
 
ये भी पढ़ें
मेधा पाटकर को अस्पताल से छुट्टी, सरकार पर लगाया आरोप