1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. प्रादेशिक
  4. Many women were implicated by becoming an army officer

सेना का अफसर बनकर कई महिलाओं को फंसाया, दिल्ली पुलिस ने किया गिरफ्तार

Army officer
नई दिल्ली। दिल्ली में खुद को सेना का एक अधिकारी बताकर सोशल मीडिया के जरिए महिलाओं को अपने झांसे में फंसाने के आरोप में 40 वर्षीय एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी दिलीप कुमार, मोहन गार्डन के सैनिक एनक्लेव का रहने वाला है और एक स्कूल में सुरक्षा गार्ड का काम करता है। पुलिस ने आरोपी दिलीप को शुक्रवार अपराह्न करीब तीन बजे ग्रेटर कैलाश-1 में अर्चना रेड लाइट के नजदीक गिरफ्तार किया। उस समय वह एक महिला से मिलने आया था।

दक्षिण दिल्ली के पुलिस उपायुक्त अतुल कुमार ठाकुर ने कहा, वह सेना की वर्दी में था। उसके पास से सेना का एक फर्जी पहचान पत्र और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया।आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह महिलाओं को प्रभावित करने के लिए सोशल मीडिया पर खुद को सेना का कैप्टन शेखर बताता था।

पुलिस के मुताबिक आरोपी दिलीप सेना से काफी प्रभावित था और उसे लगता था कि वह वर्दी पहनकर लोगों से जुड़ सकता है। वह पिछले करीब चार महीने से ऐसा कर रहा था। पुलिस उपायुक्त के मुताबिक, आरोपी दिलीप के मोबाइल फोन की जांच से पता चला है कि वह कई व्हाट्सएप ग्रुप का सदस्य था और उसने कई अंतरराष्ट्रीय नंबरों पर वीडियो कॉल भी की थी।

उसके विदेशी संपर्क की भी जांच की जा रही है। उन्होंने बताया कि आरोपी के खिलाफ कानून की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।(भाषा)
 
अगला लेख
दिल्ली : गैस रिसाव से आग, 13 लोग झुलसे