केरल में फिर आरएसएस कार्यकर्ताओं पर हमला, 3 घायल
Publish Date: Sun, 5 Mar 2017 (11:53 IST)
Updated Date: Sun, 5 Mar 2017 (11:58 IST)
कोझिकोड। केरल में आरएसएस कार्यकर्ताओं पर हमले की घटनाएं थमने का नाम ही नहीं ले रही है। कोयिलैंडी के निकट एक गांव में कथित रूप से माकपा कार्यकर्ताओं के एक हमले में आरएसएस के 3 स्वयंसेवक घायल हो गए।
पुलिस ने रविवार को बताया कि कीझैयुर गांव में शनिवार रात हुए हमले में पीड़ितों के हाथों और पैरों में चोटें आई हैं और उन्हें यहां मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उन्होंने कहा कि हमले के संबंध में किसी को भी गिरफ्तार नहीं किया गया है।
केरल, खासकर उत्तरी कन्नूर जिले में भाजपा-आरएसएस और सत्तारूढ़ माकपा के कार्यकर्ताओं के बीच राजनीतिक संघर्षों की घटनाएं देखने को मिली हैं। हिंसा की इन घटनाओं के लिए दोनों दल एक-दूसरे पर दोषारोपण कर रहे हैं। इस हिंसा में दोनों पक्षों के कई लोग मारे गए हैं। (भाषा)