• Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. समाचार
  3. प्रादेशिक
  4. kashmir pellet gun
Written By
Last Modified: श्रीनगर , शनिवार, 8 जुलाई 2017 (15:50 IST)

कश्मीर में चली पेलेट गन, आठ महिलाएं घायल

kashmir
श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर के शोपियां जिले में हिजबुल मुजाहिदीन के शीर्ष कमांडर बुरहान वानी की पहली बरसी पर शनिवार को महिलाओं समेत बड़ी संख्या में प्रदर्शन कर रहे लोगों को तितर-बितर करने के लिए सुरक्षा बलों ने पेलेट गन का इस्तेमाल किया, जिससे आठ महिलाएं घायल हो गईं। 
 
अधिकारियों ने बताया कि बनगाम में बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारी सड़कों पर उतर आए और रैली निकालने लगे। सुरक्षा बलों ने उन्हें रोकने का प्रयास किया लेकिन वे नहीं माने। इसके बाद सुरक्षा बलों ने उन पर पेलेट गन दागे।
 
उन्होंने बताया कि पेलेट गन दागे जाने के बावजूद प्रदर्शनकारी नहीं माने और उन पर पथराव करने लगे जिसके कारण उनमें से आठ महिलाएं घायल हो गईं। अधिकारियों ने बताया कि दो घायलों को श्रीनगर के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दूसरी ओर स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया है कि सुरक्षा बलों ने किसी तरह के उकसावे के बिना नदी से पानी भर रही महिलाओं पर पेलेट गन दागे। (वार्ता)