• Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. समाचार
  3. प्रादेशिक
  4. Karan Singh
Written By
Last Modified: शिमला , शुक्रवार, 12 मई 2017 (14:57 IST)

हिमाचल प्रदेश के मंत्री करण सिंह का निधन

हिमाचल प्रदेश के मंत्री करण सिंह का निधन - Karan Singh
शिमला। हिमाचल प्रदेश के आयुर्वेद मंत्री करण सिंह का शुक्रवार सुबह दिल्ली के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में निधन हो गया। वे 59 साल के थे। वे कुछ समय से बीमार चल रहे थे।
 
सिंह के परिवार में पत्नी और एक बेटा है। उनके बड़े बेटे की 2012 में एक दुर्घटना में मृत्यु हो गई थी। सिंह के पार्थिव शरीर को कुल्लू भेजा रहा है, जहां शुक्रवार को दोपहर के बाद उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।
 
कुल्लू राजपरिवार के वंशज और कुल्लू के पूर्व राजा व दिग्गज भाजपा नेता महेश्वर सिंह के छोटे भाई करण सिंह 3 बार विधायक बनने के साथ ही 2 बार मंत्री भी रहे। वे बंजार विधानसभा क्षेत्र से 3 बार 1990, 1998 और 2012 में सदस्य चुने गए थे। उन्होंने 1990 और 1998 में भाजपा उम्मीदवार के तौर पर जीत हासिल की थी और धूमल सरकार में प्राथमिक शिक्षा राज्यमंत्री के तौर पर अपनी सेवा दी।
 
भाजपा में दरकिनार किए जाने के बाद वे 2012 के विधानसभा चुनावों से पहले कांग्रेस में शामिल हो गए और बंजार से तीसरी बार जीत हासिल की। अगस्त 2015 में उनको वीरभद्र सिंह के मंत्रिमंडल में शामिल किया गया।
 
मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह, पूर्व मुख्यमंत्री शांता कुमार, विधानसभा अध्यक्ष बीबीएल बुटेल के साथ कई मंत्रियों, विधायकों और प्रमुख नेताओं ने करण सिंह के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। (भाषा)
ये भी पढ़ें
परीक्षा परिणामों से न डरें, जीवन अनमोल है...