बुधवार, 9 अप्रैल 2025
  • Webdunia Deals
  1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. प्रादेशिक
  4. Jammu Kashmir National Highway
Written By
Last Updated :बनिहाल , रविवार, 5 मई 2019 (14:06 IST)

वाहन पर बड़ा पत्थर गिरने से महाराष्ट्र के पर्यटक की मौत

Jammu Kashmir
बनिहाल (जम्मू-कश्मीर)। जम्मू-कश्मीर राष्ट्रीय राजमार्ग पर रविवार को एक वाहन पर एक बड़ा पत्थर गिरने से महाराष्ट्र के 43 वर्षीय 1 पर्यटक की मौत हो गई और 3 अन्य घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।
 
अधिकारी ने बताया कि वाहन 12 पर्यटकों को लेकर कश्मीर घाटी से जम्मू की ओर जा रहा था और तड़के करीब 4.30 बजे रामबन जिले में रामसू थाने के निकट यह हादसा हुआ।
 
उन्होंने बताया कि भू-स्खलन की आशंका वाले क्षेत्र से जब उनका वाहन गुजर रहा था, उसी समय पहाड़ी से बड़ा पत्थर गिर गया जिसमें सुनील विष्णुपंत काथे, उनकी पत्नी मनीषा (39), विलास आनंद कुमार (43) और मयूरी कुंबर (17) घायल हो गए।
 
उन्होंने बताया कि घायलों को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां काथे को मृत घोषित कर दिया गया। कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद अंतिम संस्कार के लिए शव परिवार को सौंप दिया जाएगा। अधिकारी ने बताया कि शेष घायलों की स्थिति स्थिर है।
 
इस बीच अधिकारियों ने नागरिक यातायात की आवाजाही पर प्रतिबंध के मद्देनजर 'दरबार' कर्मचारियों को लेकर जाने वाले वाहनों को विशेष पास प्रदान किए हैं। राजमार्ग पर सप्ताह में बुधवार और रविवार को सुबह 4 से शाम 5 बजे तक केवल सुरक्षा काफिलों को जाने की अनुमति है।
 
पुलवामा में 14 फरवरी को सीआरपीएफ के काफिले पर हुए हमले में 40 जवानों के शहीद होने के बाद 7 अप्रैल को प्रतिबंध लगाया गया था। (भाषा)