• Webdunia Deals
  1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. प्रादेशिक
  4. Harassment of girls in Uttar Pradesh's Girls Reform Home, 5 employees including superintendent were dismissed
Written By
Last Modified: सहारनपुर (उत्तर प्रदेश) , शनिवार, 24 जून 2023 (19:05 IST)

UP के बालिका सुधार गृह में लड़कियों का उत्पीड़न, अधीक्षक समेत 5 कर्मचारी बर्खास्त

Uttar Pradesh
सहारनपुर (उत्तर प्रदेश)। उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले में जनता रोड स्थित आवासीय बालिका सुधार गृह में लड़कियों के गंभीर उत्पीड़न की शिकायत सही पाए जाने पर सुधार गृह की अधीक्षक समेत 5 कर्मचारियों की सेवा समाप्त करते हुए उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। एक प्रशासनिक अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी।

अधिकारी ने बताया कि जांच के बाद सहारनपुर के जिलाधिकारी डॉ. दिनेशचंद्र ने सुधार गृह की अधीक्षक सहित पांच कर्मचारियों को बर्खास्त कर दिया है, साथ ही मामले में प्राथमिकी भी दर्ज कराई गई है। उन्होंने बताया कि सुधार गृह में रहने वाली लड़कियों ने यहां के प्रबंधक और अधीक्षक पर छेड़खानी और मारपीट एवं अवैध वसूली के आरोप लगाए हैं।

उपजिलाधिकारी (सदर) कीर्ति सिंह ने बताया कि यह मामला जिलाधिकारी के संज्ञान में आने पर उन्होंने भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के अधिकारी कृति राज, राज्‍य सेवा के प्रशासनिक अधिकारी (पीसीएस) किंशुक श्रीवास्तव और एसआई सुनीता मालान को बालिका गृह भेजा। उन्होंने बताया कि तीनों अधिकारियों ने इसकी जांच करते हुए वहां की एक-एक बालिका से अलग-अलग बातचीत की तथा उनके बयान दर्ज किए।

कीर्ति ने बताया कि जांच में कुछ आरोप सही पाए गए, जिसके आधार पर अधीक्षक पिंकी, प्रबंधक वीपी सिंह समेत पांच कर्मचारियों को बर्खास्त कर दिया गया, मामले में थाना जनकपुरी में जिला परिवीक्षा अधिकारी अभिषेक पांडेय ने प्राथमिकी दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि आवासीय बालिका गृह में पूरे प्रकरण की विस्तार से जांच कराकर दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्यवाही होगी।
Edited By : Chetan Gour (भाषा)
ये भी पढ़ें
PM मोदी 2 दिन की यात्रा पर पहुंचे मिस्र, इन मुद्दों पर राष्ट्रपति अब्दुल फतह अल-सीसी से होगी चर्चा