पूर्व शिवसेना सांसद गजानन बाबर भाजपा में शामिल
Publish Date: Wed, 18 Jan 2017 (17:11 IST)
Updated Date: Wed, 18 Jan 2017 (17:13 IST)
मुंबई। महाराष्ट्र में अगले महीने होने वाले स्थानीय निकाय चुनावों से पहले पुणे से पूर्व शिवसेना सांसद गजानन बाबर बुधवार को भाजपा में शामिल हो गए। पार्टी के विधायक बाला भेगड़े ने बताया कि बाबर ने राज्य के मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस और पुणे के प्रभारी मंत्री गिरीश बापट की उपस्थिति में भाजपा की सदस्यता ग्रहण की।
पिंपरी चिंचवाड़ नगर निगम के इलाकों में बाबर की पकड़ काफी अच्छी है, जहां अगले महीने चुनाव होने हैं। वर्तमान में पीसीएमसी पर राकांपा का नियंत्रण है, लेकिन हाल के दिनों में उनके कुछ स्थानीय नेताओं ने भाजपा का दामन थामा है।
पार्टी प्रवक्ता कांता नलवड़े ने बताया कि बाबर के शामिल होने से भाजपा की संभावनाएं अब बेहतर हो गई हैं। बाबर सतारा जिले के गांव किकाली के रहने वाले हैं। (भाषा)