सोनीपत 'निर्भया' केस की सुनवाई फास्ट ट्रैक अदालत में हो
सोनीपत। हरियाणा की बाल विकास एवं शहरी स्थानीय निकाय मंत्री कविता जैन ने रोहतक में महिला की दुष्कर्म के बाद हत्या करने के मामले में रविवार को कहा इस मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक अदालत में की जाएगी ताकि आरोपियों को जल्द से जल्द सजा दी जाए।
जैन रविवार को सोनीपत के गांव कालूपुर गईं और उन्होंने पीड़िता के परिवार से मुलाकात के दौरान घटना की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए कहा कि एक सभ्य समाज में इस तरह की घटनाएं बिलकुल सहन नहीं की जा सकतीं।
उन्होंने कहा कि हम पीड़ित परिवार के साथ हैं और आरोपियों को सख्त से सख्त सजा दिलवाई जाएगी। इसके साथ ही इस मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक अदालत से करवाने के लिए अपील की जाएगी ताकि आरोपियों को जल्द से जल्द सजा मिल सके।
भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष सुभाष बराला ने कहा कि यह बड़ी ही निंदनीय घटना है। इस संबंध में 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है और परिवार के लोगों का जिन पर शक है उन्हें भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि समाज में इस तरह की घटनाएं रोकने के लिए इस तरह के दोषियों को कड़ी सजा देना आवश्यक है। (वार्ता)