1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. प्रादेशिक
  4. fake helicopter tickets for vaishno devi yatra

वैष्णो देवी यात्रा के लिए बेचे फर्जी हेलीकॉप्टर टिकट, 3 गिरफ्तार

vaishno devi yatra
जम्मू। जम्मू कश्मीर पुलिस ने माता वैष्णोदेवी की तीर्थयात्रा के वास्ते फर्जी वेबसाइट के माध्यम से हेलीकॉप्टर टिकट का वादा कर लोगों को ठगने को लेकर तीन लोगों को गिरफ्तार किया है।
 
पुलिस ने माता वैष्णोदेवी तीर्थाटन के लिए हो रही फर्जी ऑनलाइन टिकट बुकिंग धोखाधड़ी के संबंध में प्राप्त शिकायतों के आधार पर कटरा में 3 प्राथमिकियां दर्ज कीं। मामले दर्ज करने के बाद विशेष दल बनाए गए एवं उन्हें इस अपराध में शामिल आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए देश के विभिन्न हिस्सों में भेजा गया।
 
गहन जांच के बाद एक पुलिस दल ने बिहार के कुछ स्थानों पर अपनी नजर टिकायी तथा विभिन्न स्थानों पर छापा मारने के बाद अशोक मिस्त्री, संतोष कुमार एवं लखपति पासवान को गिरफ्तार किया एवं उनके पास से आपत्तिजनक दस्तावेज बरामद किए। तीनों को ट्रांजिट रिमांड पर कटरा लाया गया है।
 
जांच के दौरान 40 फर्जी वेबसाइट पाई गई एवं उन्हें बंद किया गया। रियासी जिले के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने श्रद्धालुओं से श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट का ही इस्तेमाल करने की सलाह दी है।
 
अगला लेख
BSF ने भारत पाक सीमा के समीप हथियारों व गोला बारूद का जखीरा किया बरामद