• Webdunia Deals
  1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. प्रादेशिक
  4. Elderly dies of heatstroke in Maharashtra's Nashik
Written By
Last Updated : शनिवार, 30 अप्रैल 2022 (15:43 IST)

महाराष्ट्र में गर्मी के तीखे तेवर, नासिक में लू से बुजुर्ग की मौत, चंद्रपुर में पारा 46 के पार

Heatwave
नासिक/ नागपुर। महाराष्ट्र के नासिक शहर में लू लगने से 68 साल के एक बुजुर्ग व्यक्ति की मौत हो गई। पुलिस अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। प्रदेश में सर्वाधिक अधिकतम तापमान 46.4 डिग्री सेल्सियस चंद्रपुर जिले में दर्ज किया गया है।

पुलिस ने बताया कि मृतक की पहचान नासिक रोड निवासी मोहन चांदमल वर्मा के रूप में की गई है। उन्होंने बताया कि वर्मा गुरुवार को दोपहर में शहर के मखमलाबाद क्षेत्र में अपने परिचित से मिलने निकले थे कि अचानक वे बेहोश हो गए।

अधिकारियों ने बताया कि वरिष्ठ नागरिक को पास के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। उन्होंने बताया कि मौत का कारण लू है। नासिक शहर में गुरुवार को अधिकतम तापमान 41.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।

इस बीच, विदर्भ क्षेत्र के चंद्रपुर जिले में शुक्रवार को अधिकतम तापमान 46.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो राज्य में सबसे अधिक है। भारत मौसम विज्ञान विभाग, नागपुर केंद्र के अनुसार, चंद्रपुर के बाद दूसरा सबसे गर्म जिला अकोला था, जहां अधिकतम तापमान 45.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

इसके बाद वर्धा (45.5 डिग्री सेल्सियस), नागपुर (45.2), यवतमाल (45.2), अमरावती (45), गोंदिया (43.8), वाशिम (43.5), बुलढाणा (42.8) और गढ़चिरौली (42.4 डिग्री सेल्सियस) जिले हैं। विभाग ने शनिवार के लिए नागपुर, वर्धा, चंद्रपुर, यवतमाल और अकोला जिलों के वास्ते 'ऑरेंज अलर्ट' जारी किया है।(भाषा)
File photo