1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. प्रादेशिक
  4. Dog tied to back of motorcycle dragged in Kerala

केरल में कुत्ते को मोटरसाइकल के पीछे बांधकर घसीटा, वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल

Kerala
मलप्पुरम। केरल में मलप्पुरम जिले के इडक्करा के पास एक कुत्ते को मोटरसाइकल के पीछे बांधकर एक किलोमीटर तक घसीटे जाने का वीडियो सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के साथ ही टीवी चैनलों पर भी प्रसारित किया गया। वीडियो में मरा हुआ कुत्ता सड़क पर मोटरसाइकल से कुछ दूर पड़ा दिखाई देता है जबकि राहगीर आरोपी व्यक्ति से बहस करते दिखाई देते हैं।
 
राहगीर जब व्यक्ति को पीटना शुरू कर देते हैं तो वह अपनी हरकत का बचाव करते हुए कहता है कि उसे कुत्ता सड़क पर मरा हुआ मिला था और वह उसे छूना नहीं चाहता था, इसलिए वह उसे सड़क से हटाने के लिए मोटरसाइकल से बांधकर ले जा रहा था।
 
वीडियो बनाने वाले राहगीर ने उसके दावे को स्वीकार करने से इनकार करते हुए कहा कि अगर कुत्ता मरा हुआ था तो भी उसने जो किया वह सही नहीं है, कुत्ते को घसीटने के बजाय उसे किसी जगह दफना देना चाहिए था। व्यक्ति ने अन्य लोगों को वहां पहुंचते देख कुत्ते को उठाया और अपने दोपहिया वाहन की पेट्रोल की टंकी पर उसे रखकर चला गया।
 
इडक्करा थाने के एक अधिकारी के मुताबिक घटना सोमवार रात की है। अधिकारी ने कहा कि वीडियो के आधार पर जांच शुरू कर दी गई है। हमने व्यक्ति की पहचान कर ली है। वह यहां किराए के मकान में रहता है, लेकिन वह यहां का नहीं है।(भाषा)(प्रतीकात्मक चित्र)
 
Edited by: Ravindra Gupta
अगला लेख
प. बंगाल में अवैध पटाखा फैक्टरी में जबर्दस्त विस्फोट, 5 लोगों की मौत व 7 घायल