दक्षिण भारतीय फिल्मों की जानी-मानी अभिनेत्री राधा का निधन
Publish Date: Sun, 10 Sep 2017 (15:14 IST)
Updated Date: Sun, 10 Sep 2017 (15:16 IST)
बेंगलुरु। दक्षिण भारतीय फिल्मों की जानी-मानी अभिनेत्री बीवी राधा का रविवार को दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। वे 70 साल की थीं।
मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने अभिनेत्री के निधन पर दुख व्यक्त करते हुए कहा कि उनके निधन से फिल्म उद्योग को भारी नुकसान हुआ है। पारिवारिक सूत्रों ने बताया कि अभिनेत्री की इच्छा के अनुरूप उनके शव को मेडिकल कॉलेज को दान किया जाएगा।
वर्ष 1948 में जन्मीं राधा ने 250 से अधिक दक्षिण भारतीय फिल्मों में काम किया है जिनमें कन्नड़, तमिल एवं तेगुलु आदि भाषा शामिल हैं। वे प्रसिद्ध कन्नड़ फिल्म निर्देशक केएसएल स्वामी की पत्नी थीं जिनका गत वर्ष निधन हो गया था।
अभिनेत्री ने वर्ष 1964 में कन्नड़ फिल्म 'नवकोटि नारायण' से फिल्मी सफर की शुरुआत की और इसके साथ ही उन्होंने अपना नाम राजलक्ष्मी से बदलकर राधा कर लिया। वे एमजी रामचन्द्रन, एनटी रामाराव, शिवाजी गणेशन आदि 1960 के दशक के शीर्ष अभिनेताओं के साथ काम कर चुकी हैं। (वार्ता)