• Webdunia Deals
  1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. प्रादेशिक
  4. Arvind Kejriwal and Bhagwant Mann to meet party MLAs from Punjab
Last Updated :नई दिल्ली/चंडीगढ़ , सोमवार, 10 फ़रवरी 2025 (15:40 IST)

अंदरुनी कलह की अटकलों के बीच मान तथा पंजाब के पार्टी विधायकों से मुलाकात करेंगे केजरीवाल

यह बैठक दिल्ली विधानसभा चुनावों में आप की करारी हार और पार्टी की पंजाब इकाई में बढ़ते असंतोष की अटकलों के बीच हो रही है।

अंदरुनी कलह की अटकलों के बीच मान तथा पंजाब के पार्टी विधायकों से मुलाकात करेंगे केजरीवाल - Arvind Kejriwal and Bhagwant Mann to meet party MLAs from Punjab
Punjab News: आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल (Arvind Kejriwal) मंगलवार को दिल्ली में पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान (Bhagwant Mann), राज्य के मंत्रियों और पार्टी विधायकों (party MLAs) से मुलाकात करेंगे। यह बैठक दिल्ली विधानसभा चुनावों में आप की करारी हार और पार्टी की पंजाब इकाई में बढ़ते असंतोष की अटकलों के बीच हो रही है।
 
मान और केजरीवाल आगे की रणनीति पर चर्चा करेंगे : हालांकि आप सांसद मलविंदर सिंह कंग ने असंतोष की खबरों को तवज्जो न देते हुए मंगलवार की बैठक को नियमित रणनीति सत्र करार दिया। उन्होंने कहा कि पार्टी में इस तरह की प्रक्रिया आम है। भविष्य की रणनीति बनाने के लिए सभी इकाइयों से फीडबैक लिया जाता है। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान और आप विधायक, अरविंद केजरीवाल से मिलकर आगे की रणनीति पर चर्चा करेंगे। पार्टी सूत्रों के अनुसार यह चर्चा दिल्ली चुनाव परिणामों के विश्लेषण और 2027 में होने वाले पंजाब चुनावों के लिए रणनीति बनाने पर केंद्रित होगी।ALSO READ: Delhi Election Results : दिल्ली में करारी हार पर AAP का मंथन, कौन बनेगा विपक्ष का नेता, जीते विधायकों से मिले केजरीवाल, क्या बोलीं आतिशी
 
1 दशक तक दिल्ली की सत्ता में रही आप को 5 फरवरी के चुनावों में बड़ा झटका लगा। आप दिल्ली विधानसभा की 70 सीटों में से केवल 22 सीटें ही जीत पाईं। भाजपा ने 48 सीटें हासिल कर राष्ट्रीय राजधानी की सत्ता से आप को बाहर कर दिया है। ऐसे में आप के लिए अन्य राज्यों में चुनावी संभावनाओं को लेकर चिंता बढ़ गई है।
 
आप की पंजाब इकाई के भीतर असंतोष की खबरें : आप की पंजाब इकाई के भीतर असंतोष की खबरों के बीच मंगलवार की बैठक महत्वपूर्ण मानी जा रही है। अटकलें हैं कुछ विधायक पार्टी के नेतृत्व से नाखुश हैं और अन्य विकल्पों पर विचार कर रहे हैं। आप ने 2022 में पंजाब विधानसभा चुनाव में 117 में से 92 सीट जीतकर शानदार जीत हासिल की थी।ALSO READ: अरविंद केजरीवाल की राजनीति में अब शायद ही कभी फूल खिलेंगे
 
हालांकि हाल के घटनाक्रमों ने आंतरिक एकजुटता पर सवाल खड़े कर दिए हैं, कुछ लोगों का मानना है दिल्ली में पार्टी के नेतृत्व का पंजाब की सरकार पर प्रभाव बना हुआ है। ऐसी भी अटकलें हैं कि केजरीवाल अब पंजाब की राजनीति में अधिक प्रत्यक्ष भूमिका पर विचार कर सकते हैं। लुधियाना की विधानसभा सीट फिलहाल रिक्त है, इसलिए राजनीतिक पर्यवेक्षक केजरीवाल के वहां से चुनाव लड़ने तथा पंजाब सरकार का हिस्सा बनने की संभावना पर भी चर्चा कर रहे हैं।ALSO READ: अन्ना हजारे ने बताया, दिल्ली चुनाव में क्यों हारी केजरीवाल की पार्टी
 
दिल्ली विधानसभा की नई दिल्ली सीट से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रवेश वर्मा ने आप प्रमुख को हराया है। विपक्षी नेता पंजाब में भी आप का इसी तरह का हाल होने की बात कह रहे हैं जहां 2024 के लोकसभा चुनाव में आप के 13 उम्मीदवार में से केवल 3 ही जीत पाए थे। पंजाब एकमात्र ऐसा राज्य है जहां आप अभी सत्ता में है ऐसे में मंगलवार की बैठक का नतीजा पार्टी की भविष्य की दिशा और स्थिरता के लिए महत्वपूर्ण हो सकता है।(भाषा)
 
Edited by: Ravindra Gupta