अभिनेत्री बिदिशा बेजबरुआ ने की खुदकुशी
Publish Date: Wed, 19 Jul 2017 (07:49 IST)
Updated Date: Wed, 19 Jul 2017 (07:54 IST)
गुरुग्राम। असम की 30 वर्षीय अभिनेत्री और गायिका ने सोमवार की शाम गुरुग्राम के पॉश सुशांत लोक इलाके स्थित अपने आवास में रहस्यमय परिस्थितियों में खुदकुशी कर ली। पुलिस ने मंगलवार यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि असम की रहने वाली बिदिशा बेजबरुआ जानी-मानी टीवी शख्सियत थीं। उन्होंने कई टीवी शो को भी होस्ट किया था। पुलिस ने बताया कि वह हाल ही में मुंबई से गुरुग्राम आई थीं।
पुलिस उपायुक्त (पूर्व) दीपक सहारन ने बताया, 'बेजबरुआ अपने किराए के आवास पर पंखे से लटकी हुई पाई गई। उन्होंने यह आवास हाल ही में किराये पर लिया था।' उन्होंने बताया कि अभिनेत्री के पिता ने उनको सूचित किया कि वह फोन नहीं रिसीव कर रही है।
सहारन ने बताया, 'उसके पिता को कुछ अनहोनी की आशंका हो गई थी क्योंकि वह सोमवार शाम से फोन नहीं रिसीव कर रही थी। उन्होंने पुलिस से संपर्क कर उसका स्थानीय पता साझा किया।'
उन्होंने बताया कि पुलिस मौके पर पहुंची तो उसने मुख्यद्वार को अंदर से बंद पाया। पुलिस दरवाजा तोड़कर अंदर गई तो उसे पंखे से लटका हुआ पाया।
सहारन ने बताया, 'पीड़िता के पिता ने अपनी शिकायत में दावा किया है कि बेजबरुआ ने प्रेम विवाह किया था लेकिन पति से अक्सर उसकी लड़ाई होती रहती थी। जांच दल उसके मोबाइल फोन, फेसबुक और सोशल नेटवर्किंग वेबसाइट की बातचीत की जांच कर रही है।'
सहारन ने कहा कि हम मामले की जांच कर रहे हैं और जरूरत पड़ने पर हम बयान दर्ज करने के लिए उसके पति को बुलाएंगे। उसके पास से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। (भाषा)