टॉयलेट सीट पर बैठकर गुजरात हाईकोर्ट की सुनवाई से जुड़ा शख्स, वीडियो हुआ वायरल
Gujarat High Court News: गुजरात उच्च न्यायालय में ऑनलाइन सुनवाई के दौरान एक व्यक्ति को कथित तौर पर शौचालय की सीट पर बैठकर कार्यवाही में हिस्सा लेने का एक वीडियो शुक्रवार को प्रसारित हुआ। यह घटना 20 जून को उस समय घटी जब न्यायमूर्ति निर्झर एस देसाई एक मामले की सुनवाई कर रहे थे। वीडियो में दिख रहा है कि पीले रंग की टी-शर्ट पहने एक व्यक्ति ने मोबाइल फोन से लॉग इन किया, स्क्रीन पर उसका नाम समद बैटरी लिखा दिखाई दे रहा था।
चौंकाने वाली बात यह है कि वीडियो में दिखाई दे रहा है कि जब वह वीडियो लिंक के माध्यम से कार्यवाही में शामिल हो रहा था, तब वह शौचालय की सीट पर बैठा हुआ था। लगभग एक मिनट के इस लघु वीडियो में दिख रहा है कि व्यक्ति ने मोबाइल फोन को शौचालय के फर्श पर रखा हुआ था और कैमरा उसकी ओर है।
वायरल वीडियो में स्पष्ट दिखाई दे रहा है कि जिस समय आरोपी हाईकोर्ट की कार्यवाही से जुड़ा उस समय दूसरे पक्ष भी जुड़े थे। गुजरात हाईकोर्ट में इससे पहले अप्रैल में भी ऐसी घटना सामने आई थी, जब एक शख्स सुनवाई के दौरान एक व्यक्ति कैमरे पर सिगरेट पीता दिखा था। अदालत ने उस पर 50 हजार रुपए का जुर्माना लगाया था।
A video showing a man attending Gujarat High Court virtual proceedings while seated on a toilet and apparently relieving himself has gone viral on the social media.
— Bar and Bench (@barandbench) June 27, 2025
Read full story: https://t.co/FbendKMD2M #GujaratHighCourt #VirtualHearings #VideoConferencehearing… pic.twitter.com/spyxMiptiO
बार एंड बेंच ने भी साझा किया वीडियो : बार एंड बेंच ने भी सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो को साझा किया है। हाईकोर्ट में 20 जून को जस्टिस देसाई एक मामले की सुनवाई कर रहे थे। इसी दौरान समद बैटरी नामक एक शख्स ऑनलाइन जुड़ा। उसके गले में ब्लूटूथ ईयरफोन दिखाई दे रहा था और वह टॉयलेट सीट पर बैठा हुआ दिख रहा था। बताया जा रहा है कि यह शख्स एफआईआर रद्द कराने के लिए दायर की गई एक याचिका में एक प्रतिवादी के रूप में पेश हुआ था।
बड़ी पेनल्टी लगाओ : हालांकि अदालत ने इसके खिलाफ क्या एक्शन लिया है अभी खुलासा नहीं हुआ है, लेकिन सोशल मीडिया पर लोगों ने इस व्यक्ति के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। सुजीत स्वामी ने एक्स पर लिखा- पोटी में बैठा हुआ हाई कोर्ट की हियरिंग अटेंड कर रहा है। कुछ तो मर्यादा रखनी चाहिए कानून और संविधान की। मजाक बना दिया। इस पर बड़ी पेनल्टी लगनी चाहिए।
Edited by: Vrijendra Singh Jhala

