शुक्रवार, 19 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. प्रादेशिक
  4. 6 family members of BJP leader Ranjan Soni killed in family dispute
Written By
Last Updated : गुरुवार, 16 जुलाई 2020 (00:55 IST)

2 परिवारों के आपसी विवाद में BJP कार्यकर्ता सहित उसके परिवार के 6 लोगों की हत्या

2 परिवारों के आपसी विवाद में BJP कार्यकर्ता सहित उसके परिवार के 6 लोगों की हत्या - 6 family members of BJP leader Ranjan Soni killed in family dispute
मंडला (मध्यप्रदेश)। मध्यप्रदेश के मंडला जिले में दो परिवारों के आपसी विवाद में दो सगे भाइयों ने बुधवार को भाजपा कार्यकर्ता राजेन्द्र सोनी सहित उसके परिवार के 6 लोगों की कुल्हाडी एवं तलवार से वार करके कथित रूप से हत्या कर दी। इस घटना में कुछ अन्य लोग घायल भी हुए हैं। दोनों आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
 
यह घटना मंडला जिला मुख्यालय से करीब 100 किलोमीटर दूर बीजाडांडी पुलिस थानांतर्गत मनेरी पुलिस चौकी के मनेरी गांव में शाम को हुई। मौके पर पहुंचे मंडला जिले के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विक्रम सिंह कुशवाह ने बताया, ‘अब तक 6 लोगों के मौत की पुष्टि हुई है। सभी मरने वाले एक ही परिवार के सदस्य हैं।' उन्होंने कहा कि इस घटना में पीड़ित परिवार के कुछ अन्य लोग घायल भी हुए हैं लेकिन अभी उनकी संख्या हमारे पास नहीं हैं।
 
उन्होंने कहा कि मृतकों की पहचान विनोद सोनी (45), उसके बेटे ओम सोनी (10), करिया सोनी (8), विनोद के बड़े भाई राजेन्द्र सोनी (62), राजेन्द्र की बेटी प्रिया ऊर्फ रानू सोनी (25) एवं दिनेश सोनी के रूप में की गई है। उन्होंने कहा कि प्रारंभिक जांच में पता चला है कि इन 6 लोगों की हत्या हरीश सोनी एवं उसके छोटे भाई संतोष सोनी ने की है। ये दोनों आरोपी सुंदर सोनी के बेटे हैं।
 
 
उन्होंने कहा कि आरोपियों ने मृतकों के घर में ही उनकी हत्या कुल्हाडी एवं तलवार से वार करके की है।कुशवाह ने बताया कि ये दोनों परिवार आपस में दूर के भाई हैं और विवाद का कारण पारिवारिक कलह है। उन्होंने कहा कि ऐसा लगता है कि आरोपियों ने पहले से ही यह वारदात करने की योजना बनाई थी, क्योंकि उनके पास मिर्ची का पाउडर भी था।
 
कुशवाह ने बताया कि उनको पकड़ने में लगी पुलिस के ऊपर भी इन आरोपियों ने मिर्ची का पाउडर फेंका था। ग्रामीणों से मिली जानकारी के अनुसार हत्या को अंजाम देने वाले ये दोनों भाइयों की अजीब हरकत गांव वाले पहले से ही देखते रहे हैं। ये दोनों भाई जब भी कोई उनके घर के सामने से कोई वाहन में हॉर्न बजाते या मोबाइल से बात करते निकलते थे, तो वे उन पर कुल्हाड़ी लेकर मारने दौड़ते थे।
 
जब कुशवाह से सवाल किया गया कि क्या ये दोनों आरोपी मानसिक रूप से विक्षिप्त हैं? तो इस पर उन्होंने कहा, ‘प्रथम दृष्ट्या यह सामने आ रहा है कि ये दोनों आरोपी अविवाहित थे और अकेले ही अपने घर में रहते थे। दोनों आरोपी मानसिक रूप से कुछ विक्षिप्त थे। वे हॉर्न बजाने या मोबाइल से बात करने वालों के पीछे भी कुल्हाड़ी लेकर मारने दौड़ते थे।’ उन्होंने कहा कि दोनों आरोपी भी घायल हैं और अस्पताल में भर्ती हैं।
 
कुशवाह ने बताया कि पुलिस को एक आरोपी को पकड़ने के लिए गोली भी चलानी पड़ी, क्योंकि उसने पुलिस पर हमला किया था इसलिए पुलिस ने आत्मरक्षा में उस पर गोली चलाई और उसके बाद उसे पकड़ा गया। वहीं, दूसरे आरोपी को एक घर के अंदर पकड़ा गया। इन दोनों आरोपियों को पकड़ने में पुलिस को बड़ी मशक्कत करनी पड़ी। उन्होंने कहा कि 3 थानों के पुलिस प्रभारियों एवं पुलिस कर्मियों को लगाना पड़ा।
इसी बीच, मध्यप्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने ट्वीट किया, ‘प्रदेश के मंडला के मनेरी गाँव में हुए वीभत्स हत्याकांड कीखबर बेहद दुःखद व निंदनीय। आख़िर प्रदेश को क्या हो गया है? प्रतिदिन हत्या, लूट, दुष्कर्म, चोरी, अपराध की घटनाएं घटित हो रही है। जिम्मेदार सिर्फ बंद कमरों में बैठकर कानून व्यवस्था की समीक्षा की औपचारिकता कर रहे हैं।’
 
उन्होंने आगे लिखा, ‘कानून व्यवस्था की स्थिति बदतर व नियंत्रण से बाहर। गुंडों-अपराधियों में कानून का खौंफ खत्म होता जा रहा है। प्रदेश जंगल राज की ओर लौट रहा है। सरकार तबादलों व चुनावों में व्यस्त, प्रदेश भगवान भरोसे।’ (भाषा)