• Webdunia Deals
  1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. प्रादेशिक
  4. 2 BJP MLAs expelled in Karnataka on charges of anti party activities
Last Updated : मंगलवार, 27 मई 2025 (18:06 IST)

पार्टी विरोधी गतिविधियों के आरोप में कर्नाटक में BJP के 2 विधायक निष्कासित

भाजपा के अंदरुनी सूत्रों ने बताया कि दोनों ने भाजपा के टिकट पर 2023 का विधानसभा चुनाव जीता था, लेकिन जल्द ही कांग्रेस के साथ नजदीकी बनाने लगे।

Karnataka BJP
बेंगलुरु। भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने कर्नाटक में अपने 2 विधायकों एस.टी. सोमशेखर और ए. शिवराम हेब्बार को कथित पार्टी विरोधी गतिविधियों के लिए मंगलवार को 6 साल के लिए निष्कासित कर दिया। पार्टी की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष बी.वाई. विजयेंद्र (B.Y. Vijayendra) ने यह जानकारी दी। विजयेंद्र ने यहां कहा कि पार्टी आलाकमान ने लंबे विचार-विमर्श के बाद यह फैसला किया है। इस बीच उपमुख्यमंत्री एवं प्रदेश कांग्रेस प्रमुख डी.के. शिवकुमार ने इस कार्रवाई की आलोचना की। सोमशेखर और हेब्बार क्रमश: यशवंतपुर और येल्लापुर विधानसभा क्षेत्रों का प्रतिनिधित्व करते हैं और पूर्व में कांग्रेस में थे।
 
कांग्रेस-जदएस की तत्कालीन गठबंधन सरकार गिरा दी थी : वर्ष 2019 में वे कांग्रेस और जनता दल (सेक्युलर) के उन 18 विधायकों में शामिल थे जिन्होंने एच.डी. कुमारस्वामी के नेतृत्व वाली राज्य की कांग्रेस-जदएस की तत्कालीन गठबंधन सरकार गिरा दी थी और भाजपा को राज्य में चौथी बार सत्ता में आने और बी.एस. येदियुरप्पा को मुख्यमंत्री बनाने में मदद की थी। बाद में उन्हें अयोग्य घोषित कर दिया गया था और वे भाजपा में शामिल हो गए।
 
कांग्रेस के साथ नजदीकी बनाने लगे थे : भाजपा के अंदरुनी सूत्रों ने बताया कि दोनों ने भाजपा के टिकट पर 2023 का विधानसभा चुनाव जीता था, लेकिन जल्द ही कांग्रेस के साथ नजदीकी बनाने लगे। पार्टी के अंदरुनी सूत्रों ने बताया कि सोमशेखर और हेब्बार अक्सर पार्टी के निर्देशों की अनदेखी करते थे और उन्होंने पार्टी की बैठकों में भी शामिल होना बंद कर दिया था। उन्होंने आरोप लगाया कि कर्नाटक विधानसभा में भी वे सत्तारूढ़ कांग्रेस का समर्थन करते नजर आए जिसके साथ वे 2019 से पहले से लंबे समय तक जुड़े रहे थे।ALSO READ: कर्नाटक में 18 भाजपा विधायकों का निलंबन हुआ रद्द, विधानसभा अध्यक्ष खादर ने दी यह नसीहत
 
विजयेंद्र ने कहा कि उन्हें (2 विधायकों को) खुद को सुधारने के लिए काफी समय दिया गया, लेकिन उन्होंने सभी चेतावनियों को नजरअंदाज कर दिया। आखिरकार उन्हें पार्टी से निष्कासित कर दिया गया। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के अनुसार पार्टी की राज्य कोर कमेटी की बैठकों में अक्सर उनकी गतिविधियों पर चर्चा होती थी और केंद्रीय नेतृत्व को भी उनके बारे में अवगत कराया जाता था। विजयेंद्र ने कहा कि हमने इस पर जोर दिया था कि उनके खिलाफ कुछ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जानी चाहिए।
 
निष्कासित विधायकों ने इस मामले पर तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं दी। पत्र में भाजपा की केंद्रीय अनुशासन समिति के सदस्य सचिव ओम पाठक ने कहा कि समिति ने 25 मार्च 2025 को जारी किए गए कारण बताओ नोटिस पर आपके जवाब पर विचार किया है और पार्टी अनुशासन के आपके बार-बार उल्लंघन को गंभीरता से लिया है।ALSO READ: Rajasthan : भाजपा विधायक कंवरलाल की विधानसभा सदस्यता निरस्त
 
पत्र में कहा गया है कि तदनुसार आपको पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से तत्काल प्रभाव से 6 साल के लिए निष्कासित करने का निर्णय लिया गया है और आप वर्तमान में पार्टी में जिस किसी भी पद पर हैं, आपको उससे हटाया जाता है। दोनों विधायकों के भाजपा से निष्कासन पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए उपमुख्यमंत्री शिवकुमार ने कहा कि एस.टी. सोमशेखर और हेब्बार ने विधान सौंध के अंदर किसी के साथ बलात्कार नहीं किया है।
 
शिवकुमार ने कहा कि कुछ विधायकों के खिलाफ कई प्राथमिकी दर्ज हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ भाजपा विधायकों ने विपक्ष के नेता को एचआईवी संक्रमित करने और पूर्व मुख्यमंत्री बी.एस. येदियुरप्पा को फंसाने की कोशिश की, लेकिन उनके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गई। इसके साथ ही राज्य में निष्कासित भाजपा विधायकों की संख्या 3 हो गई है। पार्टी ने इससे पहले विजयपुरा के विधायक बसनगौड़ा पाटिल यतनाल को येदियुरप्पा और उनके बेटे बी.वाई. विजयेंद्र की खुलेआम आलोचना करने के लिए निष्कासित कर दिया था।(भाषा)
 
Edited by: Ravindra Gupta
ये भी पढ़ें
यादव परिवार की लड़ाई सड़क पर आई, अनुष्का के भाई ने किया तेज प्रताप का समर्थन, मामा भी बोले