मंगलवार, 18 फ़रवरी 2025
  • Webdunia Deals
  1. खेल-संसार
  2. »
  3. बीजिंग ओलिम्पिक-2008
  4. »
  5. समाचार
Written By भाषा

भारत का दौरा करना चाहती हैं येलेना

भारत का दौरा करना चाहती हैं येलेना -
बीजिंग। रूस की चैम्पियन पोल वाल्टर येलेना इसिंबायेवा का इरादा लंदन ओलिम्पिक 2012 में भाग लेने का है और संन्यास लेने के बाद वह भारत जैसे देशों का दौरा करके खेल का प्रचार प्रसार करना चाहती हैं।

इस खेल के इतिहास में सबसे महान खिलाड़ी इसिंबायेवा ने एक साक्षात्कार में कहा कि वह 2012 लंदन ओलिम्पिक में अपना स्वर्ण पदक बरकरार रखने उतरेगी। उन्होंने कहा ‍‍कि एक बार खेल को अलविदा कहने के बाद मेरा दायित्व इसका प्रचार प्रसार करने का है।

इसिंबायेवा ने कहा यदि भारत दौरा करके युवाओं के बीच इस खेल को लोकप्रिय बनाने में मदद मिलती है तो मैं ऐसा जरूर करूँगी।

उसने कहा यह पेचीदा खेल है जिसके लिए अच्छी सुविधाएँ होना बेहद जरूरी है। बाँस बहुत महँगे आते हैं, जिनके अलावा अच्छी मशीनों की भी जरूरत होती है। अच्छे कोचों का होना भी जरूरी है।

अब तक 24 विश्व रिकॉर्ड अपने नाम कर चुकी इस रूसी खिलाड़ी ने कहा भारत को शुरुआती तौर पर एक अच्छा कोच चाहिए। कहीं से तो शुरुआत करनी होगी। (भाषा)