जन्मदिन पर अमित शाह ने बताया, क्या है पीएम मोदी की विशेषता?
PM Modi birthday : केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने रविवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी अपनी दूरदर्शिता, कड़ी मेहनत और निस्वार्थ सेवा से करोड़ों भारतीयों के जीवन में समृद्धि एवं आत्मविश्वास लेकर आए हैं। उन्होंने पीएम मोदी को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नेतृत्व, संवेदनशीलता और कड़ी मेहनत के एक दुर्लभ संयोजन का प्रतीक हैं।
गृह मंत्री ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर लिखा, 'अपनी दूरदर्शिता, कड़ी मेहनत और निस्वार्थ सेवा से करोड़ों लोगों के जीवन में समृद्धि एवं आत्मविश्वास लाने वाले देश के लोकप्रिय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं। मैं ईश्वर से आपके लंबे जीवन और अच्छे स्वास्थ्य के लिए प्रार्थना करता हूं।'
उन्होंने कहा कि मोदी ने देश की सोच का दायरा और आकार बदल दिया है, जिसके कारण चाहे वह कोविड-19 रोधी टीके का निर्माण हो या चंद्रयान-3 मिशन की सफलता, आज भारत का तिरंगा पूरी दुनिया में शान से लहरा रहा है।अपनी दूरदर्शिता, अथक परिश्रम और नि:स्वार्थ सेवाभाव से करोड़ों लोगों के जीवन में समृद्धि और विश्वास लाने वाले देश के लोकप्रिय प्रधानमंत्री श्री @narendramodi जी को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं देता हूँ। साथ ही ईश्वर से आपकी दीर्घायु और उत्तम स्वास्थ्य की प्रार्थना करता हूँ।…
— Amit Shah (@AmitShah) September 17, 2023
शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने इतिहास में पहली बार हर भारतीय के दिल को देश के विकास से जोड़ने का अद्भुत काम किया है। गरीबों के जीवन में बदलाव लाने के दृढ़ संकल्प के कारण प्रधानमंत्री को 'दीनमित्र' के नाम से जाना जाता है।
गृह मंत्री ने मोदी को नए भारत का वास्तुकार बताते हुए कहा कि प्रधानमंत्री ने देश की प्राचीन विरासत के आधार पर एक भव्य और आत्मनिर्भर भारत की मजबूत नींव रखी है। पार्टी संगठन हो या सरकार, हमें मोदी जी से हमेशा राष्ट्रहित के सर्वोपरि होने की प्रेरणा मिलती है।
हर भारतीय के दिल में बसने वाले एक अद्भुत नेता…श्री नरेंद्र मोदी #HappyBdayModiji pic.twitter.com/sWGtp845b7
— Amit Shah (@AmitShah) September 17, 2023
शाह ने कहा कि वह मोदी जैसे अद्भुत नेता के नेतृत्व में देश की सेवा करने का अवसर मिलना अपना सौभाग्य मानते हैं। शाह ने मोदी के जीवन के विभिन्न पहलुओं पर आधारित एक वीडियो भी साझा किया।
Edited by : Nrapendra Gupta
