कहां है झारखंड CM हेमंत सोरेन, विधायकों को क्यों दिए रांची नहीं छोड़ने के निर्देश?
Hemant soren news in hindi : झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन पर कसते शिकंजे से झारखंड की राजनीति गरमा गई है। भाजपा ने सोरेन पर लापता होने का आरोप लगाया है तो झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) का दावा है कि सोरेन पार्टी के संपर्क में हैं। इस बीच सत्तारुढ़ गठबंधन ने अपने सभी विधायकों को राजधानी नहीं छोड़ने का आदेश दिया है। सत्तारूढ़ गठबंधन में झामुमो, कांग्रेस और राजद शामिल है।
झामुमो महासचिव और प्रवक्ता विनोद कुमार पांडे ने बताया कि सत्तारूढ़ गठबंधन के सभी विधायकों को राज्य की राजधानी रांची नहीं छोड़ने और राज्य की वर्तमान राजनीतिक स्थिति पर चर्चा के लिए मंगलवार को एक बैठक में भाग लेने को कहा गया है।
मुख्यमंत्री आवास में प्रस्तावित बैठक मौजूदा राजनीतिक स्थिति और प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) द्वारा बुधवार को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से प्रस्तावित पूछताछ को लेकर रणनीति पर चर्चा करने के लिए बुलाई गई है।
इधर ईडी को भेजे गए ईमेल में सोरेन ने 31 जनवरी को दोपहर एक बजे अपने आवास पर अपना बयान दर्ज कराने पर सहमति जताई।
सोरेन के इस तरह लापता होने सभी हैरान है। इस बीच भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने सोशल मीडिया साइट एक्स पर अपनी पोस्ट में कहा कि आज झारखंड के लोगों का मान सम्मान हमारे मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन जी ने लापता होकर मिट्टी में मिला दिया।
उन्होंने सोमवार देर रात भी एक्स पर अपनी पोस्ट में कहा था कि हेमंत सोरेन जी ने अपने यानि झामुमो व कांग्रेस तथा सहयोगी विधायकों को रांची समान तथा बैग के साथ बुलाया है। सूचना अनुसार कल्पना सोरेन जी को मुख्यमंत्री बनाने का प्रस्ताव है।आज झारखंड के लोगों का मान सम्मान हमारे मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन जी ने लापता होकर मिट्टी में मिला दिया pic.twitter.com/DadIv8IB9y
— Dr Nishikant Dubey (@nishikant_dubey) January 30, 2024
उल्लेखनीय है कि ईडी की टीम सोमवार को 13 घंटे से ज्यादा समय तक सोरेन के दिल्ली स्थित घर पर डटी रही। टीम ने सोरेन से संपर्क का भी प्रयास किया लेकिन वे पूछताछ के लिए नहीं है। बताया जा रहा है कि ईडी ने सोरेन की BMW जब्त कर उसके ड्राइवर को भी गिरफ्तार किया है।
Edited by : Nrapendra Gupta
