• Webdunia Deals
  1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. राष्ट्रीय
  4. weather update 21 january : cold day in many states
Last Updated : रविवार, 21 जनवरी 2024 (08:59 IST)

MP, राजस्थान समेत कई राज्यों में कोल्ड डे, 22 जनवरी के बाद मिलेगी राहत

cold day
weather update 21 january : उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में हल्की धूप खिलने के बाद भी शीतलहर का कहर दिखाई दे रहा है। बर्फीली हवा के चलते गलन वाली ठंड जारी है। दिल्ली, मध्यप्रदेश, राजस्थान, यूपी, बिहार, पंजाब, हरियाणा समेत कई राज्यों में रविवार और सोमवार को भी शीतलहर और कोल्ड डे की स्थिति बनी रहेगी और उसके बाद कुछ राहत मिल सकती है।
 
दिल्ली से आज सुबह दृश्‍यता में सुधार के बाद भी घने कोहरे की वजह से आने जाने वाली 11 ट्रेनें समय से लेट चल रही है। दिल्ली में आईजीआई एयरपोर्ट पर सुबह 1,100 मीटर दृश्यता दर्ज की गई, इसके बावजूद कुछ उड़ानें रद्द कर दी गई। कुछ उड़ानें समय से देरी से चल रही है।
 
पंजाब और हरियाणा में ठंड बरकरार : पंजाब और हरियाणा के अधिकांश हिस्सों में शनिवार को ठंड के हालात बरकरार रहे और इस दौरान पटियाला में सबसे कम न्यूनतम तापमान 4.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दोनों पड़ोसी राज्यों में कई स्थानों पर कोहरा छाया रहा, जबकि कई स्थानों पर न्यूनतम तापमान सामान्य स्तर से कुछ ऊपर रहा।
 
मौसम विभाग की एक रिपोर्ट के अनुसार, शनिवार को पंजाब के अमृतसर में न्यूनतम तापमान 8.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से 4 डिग्री अधिक है, जबकि लुधियाना में न्यूनतम तापमान 8.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पठानकोट, बठिंडा, फरीदकोट और गुरदासपुर में न्यूनतम तापमान क्रमश: 8.3 डिग्री सेल्सियस, छह डिग्री सेल्सियस, 6.8 डिग्री सेल्सियस और 5 डिग्री सेल्सियस रहा।
 
कश्मीर में न्यूनतम तापमान में सुधार : कश्मीर के अधिकतर हिस्सों में शनिवार को न्यूनतम तापमान में सुधार हुआ, जिससे लोगों को भीषण ठंड से थोड़ी राहत मिली। 
 
उन्होंने बताया कि श्रीनगर शहर का न्यूनतम तापमान शून्य से 3.7 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया, जो पिछले दिन के न्यूनतम तापमान से थोड़ा अधिक है। काजीगुंड में न्यूनतम तापमान शून्य से 4 डिग्री नीचे और उत्तरी कश्मीर के स्की रिसॉर्ट गुलमर्ग में शून्य से 4.6 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।
 
दक्षिण कश्मीर के अनंतनाग जिले के पहलगाम में न्यूनतम तापमान शून्य से 5.5 डिग्री सेल्सियस नीचे, कोकेरनाग में 0 से 2 डिग्री सेल्सियस नीचे और कुपवाड़ा में 0 से 4.7 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।
 
राजस्थान में शीतलहर : राजस्थान के ज्यादातर क्षेत्रों में शीतलहर का दौर जारी है। राज्य में कुछ स्थानों पर घना कोहरा छाया रहा। पूर्वी और पश्चिमी राजस्थान में कुछ स्थानों पर शीत दिवस दर्ज किया गया। सिरोही, सीकर, पिलानी, जयपुर, अलवर, चूरू और फतेहपुर में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। 
 
मौसम एजेंसी स्काईमेट वेदर की रिपोर्ट के मुताबिक रविवार को केरल, तमिलनाडु और लक्षद्वीप में और अरुणाचल प्रदेश में एक या दो स्थानों पर हल्की बारिश संभव है।
ये भी पढ़ें
अरिचल मुनाई बिंदु जाएंगे पीएम मोदी, यहां भगवान राम की वानर सेना ने बनाया था रामसेतु