1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. राष्ट्रीय
  4. Weather report : Cold wave in North India, IMD warns Red coded alert

सावधान, इन 6 राज्यों में बेहद खतरनाक है मौसम, रेड कोडेड चेतावनी

Weather report
नई दिल्ली। उत्तर भारत के सभी राज्य शीत लहर की चपेट में दिखाई दे रहे हैं। मौसम विज्ञान विभाग ने रविवार के लिए पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और बिहार के लिए ‘रेड कोडेड’ चेतावनी जारी की है। रेड कोडेड चेतावनी तब जारी की जाती है जब मौसम की परिस्थतियां चरम होती हैं। अर्थात इन 6 राज्यों में मौसम बेहद खतरनाक नजर आ रहा है। मध्य प्रदेश के लिए पीले (ऐंबर) रंग की चेतावनी जारी की है।

दिल्ली समेत उत्तर भारत में अधिकांश जगहों पर कोहरे का कहर दिखाई दे रहा है। कोहरे के चलते दृश्यता कम होने से हवाई, रेल और सड़क यातायात भी प्रभावित हुए। शीतलहर से नए वर्ष तक राहत मिलने की उम्मीद नहीं है। 
 
मौसम एजेंसी स्कायमेट के अनुसार, उत्तर प्रदेश और इससे सटे बिहार पर एक कमज़ोर चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना हुआ है। पश्चिमी तटों पर एक कमज़ोर ट्रफ दिखाई दे रही है। एक अन्य ट्रफ रेखा ओडिशा से त्रिपुरा तक बनी हुई है।
 
अगले 24 घंटों के दौरान उत्तर भारत से लगातार चल रही सर्द हवाओं की वजह से जम्मू कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, बिहार, उत्तरी झारखंड और उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल में अधिकांश हिस्सों में शीतलहर का प्रकोप जारी रहेगा। इन भागों में कई जगहों पर मध्यम से घना कोहरा भी छाया रहा।
 
आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, मराठवाड़ा, दक्षिण मध्य महाराष्ट्र, कर्नाटक, तमिलनाडु, उत्तरी केरल, खाड़ी द्वीप समूह और लक्षदीप क्षेत्र के दक्षिणी भागों में हल्की बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है।
अगला लेख
BJP-RSS को असम की संस्कृति, पहचान को नुकसान नहीं पहुंचाने देगी कांग्रेस : राहुल गांधी