छत्तीसगढ़ : राज्यपाल से मिले विष्णु देव साय, पेश किया सरकार बनाने का दावा
Vishnu Dev Sai met the Governor : छत्तीसगढ़ के नामित मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में भाजपा विधायकों का एक प्रतिनिधिमंडल रविवार शाम को राज्यपाल से मिलने राजभवन पहुंचा और सरकार बनाने का दावा पेश किया।
भाजपा के वरिष्ठ विधायक बृजमोहन अग्रवाल ने कहा, हमने राज्यपाल को एक पत्र सौंपा है जिसमें कहा गया है कि साय जी को विधायक दल का नेता चुना गया है। अग्रवाल ने कहा कि शपथ ग्रहण समारोह की तारीख बाद में बताई जाएगी।
भाजपा के एक पदाधिकारी ने बताया कि प्रमुख आदिवासी नेता साय (59) को आज दिन में पार्टी के प्रदेश मुख्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में 54 नवनिर्वाचित पार्टी विधायकों की बैठक के दौरान छत्तीसगढ़ में भाजपा विधायक दल का नेता चुना गया।साय राज्य के अगले मुख्यमंत्री होंगे।
भूपेश बघेल ने विष्णुदेव साय को दी बधाई : छत्तीसगढ़ के निवर्तमान मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने रविवार को विष्णुदेव साय को राज्य में भाजपा विधायक दल का नेता चुने जाने पर बधाई दी।
बघेल ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा है, कुनकुरी विधायक, वरिष्ठ भाजपा नेता श्री विष्णु देव साय जी को भाजपा विधायक दल का नेता चुने जाने पर बधाई एवं शुभकामनाएं। नवा (नए) छत्तीसगढ़ की न्याय और प्रगति यात्रा को आप मुख्यमंत्री के रूप में आगे बढ़ाएं, (मैं) ऐसी कामना करता हूं।
भाजपा ने हाल में छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव में कुल 90 सीट में से 54 सीट जीती हैं। वर्ष 2018 में 68 निर्वाचन क्षेत्रों में जीत हासिल करने वाली कांग्रेस इस बार 35 सीटों पर सिमट गई। राज्य में गोंडवाना गणतंत्र पार्टी एक सीट जीतने में कामयाब रही है। (इनपुट भाषा)
Edited By : Chetan Gour
Edited By : Chetan Gour

