Webdunia: 27 साल का गौरवपूर्ण सफर: वेबदुनिया को दुनियाभर से मिल रहीं बधाइयां
23 सितंबर 1999 का दिन हिंदी इंटरनेट के इतिहास में एक मील का पत्थर और स्वर्णिम अध्याय सिद्ध हुआ, जब दुनिया के पहले हिंदी पोर्टल 'वेबदुनिया' का आधिकारिक आगाज़ हुआ था। आज विश्व के प्रथम हिंदी पोर्टल वेबदुनिया डॉट कॉम (Webdunia.com) के सफलतापूर्वक 27 वर्ष पूर्ण होने के शुभ अवसर पर देश और दुनिया भर से बधाई संदेश प्राप्त हो रहे हैं।
वेबदुनिया (Webdunia) की 27 वर्ष की इस गौरवपूर्ण यात्रा पर हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं। वर्ष 1999 में मध्य प्रदेश से शुरू हुआ यह सफर भारतीय भाषाओं को डिजिटल दुनिया में पहचान दिलाने की एक महत्वपूर्ण पहल रहा है। हिंदी को इंटरनेट पर मजबूत स्थान देने से लेकर सात अन्य भारतीय भाषाओं तक अपनी पहुंच बनाने की यह यात्रा अपने आप में प्रेरणादायी है। आने वाले समय में भारतीय भाषाओं का डिजिटल विस्तार और तेज होगा, ऐसे में वेबदुनिया से उम्मीद है कि वह नई तकनीकों, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और बदलते डिजिटल माध्यमों के साथ भारतीय भाषाओं की समृद्धि और विश्वसनीय पत्रकारिता को नई ऊंचाइयों तक ले जाने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता रहेगा।
- आनंद पाराशर (डिप्टी न्यूज़ एडिटर, समाचार4मीडिया)
जब छजलानी परिवार की नई पीढ़ी ने 'वेबदुनिया' पोर्टल की शुरुआत की थी, तब सबसे पहली आशंका यही जताई गई थी कि क्या हिंदी में भी कंप्यूटर पर कोई पत्रिका निकाली जा सकती है? तमाम आशंकाओं, अवरोधों और ऊहापोह के बीच जब इस पोर्टल ने यह प्रयोगवादी कदम उठाया, तब 'डिजिटल इंडिया' जैसा कोई नारा प्रचलन में नहीं था। इसके बावजूद वेबदुनिया की टीम ने अपना कार्य निरंतर जारी रखा। शुरुआती दौर में कछुए की चाल से संघर्ष करते हुए आगे बढ़ते हुए, आज इस पोर्टल ने बुलेट ट्रेन की रफ्तार से न सिर्फ अपना एक विशिष्ट मुकाम हासिल किया है, बल्कि डिजिटल प्लेटफॉर्म पर अन्य प्रिंट मीडिया संस्थानों को भी अनुसरण करने की प्रेरणा दी है। इतना ही नहीं, वर्तमान की कई डिजिटल पत्रिकाओं और यू-ट्यूब पत्रकारों की वास्तविक जनक 'वेबदुनिया' ही है। सफलतापूर्वक 27 वर्ष पूर्ण करने पर 'वेबदुनिया' और उसकी पूरी टीम को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं!
- हरि जोशी (वरिष्ठ अधिकारी बैंक नोट प्रेस देवास (BNP)
सबसे पहले मैं 'वेबदुनिया' की 27वीं वर्षगांठ पर हार्दिक बधाई देती हूँ। मैं विनय जी और पद्मश्री स्वर्गीय अभय छजलानी जी के इस प्रयास की सराहना करती हूँ। मुझे लगता है कि पूरे विश्व में 'वेबदुनिया' ही ऐसा पहला वेब पोर्टल है, जिसने हिंदी सहित कई अन्य भाषाओं में अपनी शुरुआत की। मुझे इंदौर आए हुए 42 वर्ष हो चुके हैं और मैं 'वेबदुनिया' से इसके पहले दिन से ही जुड़ी हुई हूँ। मैं वर्ष 1985 से 'बारली ग्रामीण महिला विकास संस्थान' से जुड़ी रही हूँ। 'वेबदुनिया' और 'नईदुनिया' ने मेरे संस्थान के कार्यों, मेरे पति जिमी मगिलिगन को 'ऑर्डर ऑफ द ब्रिटिश एम्पायर' (OBE) सम्मान मिलने की उपलब्धि और हमारी अन्य सभी गतिविधियों को हमेशा प्राथमिकता से प्रकाशित किया।
मेरे इंदौर का स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर बनने के बाद भी 'वेबदुनिया' ने शहर के स्वच्छता अभियान का भरपूर समर्थन किया। 'नईदुनिया' के बाद 'वेबदुनिया' ने विश्व स्तर पर एक बहुत बड़ा और सराहनीय कार्य किया है। इतने लंबे समय तक इस डिजिटल यात्रा को बनाए रखना और लगातार उच्च गुणवत्ता की सामग्री (क्वालिटी कंटेंट) प्रदान करना वास्तव में एक अद्भुत उपलब्धि है। 'वेबदुनिया' को मैं अपनी ही दुनिया मानती हूँ, जहाँ हर विषय की जानकारी उपलब्ध है। इसका कार्य अत्यंत अनोखा और विस्तृत है। 'वेबदुनिया' के सभी सहयोगियों और साथियों को मेरी ओर से बहुत-बहुत बधाई एवं शुभकामनाएँ। आप इसी प्रकार निरंतर भारत माता की सेवा में समर्पित रहें।
- पद्मश्री डॉ. जनक पलटा मगिलिगन (सामाजिक कार्यकर्ता)
विश्व के प्रथम हिंदी पोर्टल वेबदुनिया के साथ कार्य करने का अवसर मेरे लिए सदैव गर्व और गौरव का विषय रहेगा। यहाँ कार्य करते हुए मुझे अनेक लोगों से बहुत कुछ सीखने और समझने का अवसर मिला, जिसके लिए मैं सभी का हृदय से आभार व्यक्त करता हूँ। मेरी हार्दिक शुभकामनाएँ हैं कि वेबदुनिया निरंतर नई ऊँचाइयों को छुए और हिंदी पत्रकारिता एवं डिजिटल जगत में अपनी विशिष्ट पहचान बनाए रखे। वेबदुनिया के उज्ज्वल भविष्य के लिए ढेरों शुभकामनाएँ।
- प्रमोद मारोठिया (बिल्डरशिप)
इंदौर से हजारों मील दूर रहते हुए भी, वेबदुनिया मेरे लिए इंदौर, भारत और देश-दुनिया की खबरों से जुड़े रहने का एक प्रमुख माध्यम रहा है। विशेष रूप से, श्री अनिरुद्ध जोशी जी द्वारा सनातन धर्म पर लिखे गए विचारपूर्ण लेख मुझे बहुत पसंद हैं। उनके लेख न केवल जानकारी देते हैं, बल्कि अपनी जड़ों, परंपराओं और सनातन ज्ञान से जुड़े रहने का अवसर भी प्रदान करते हैं—भले ही हम अपनी मातृभूमि से कितनी ही दूर क्यों न हों। पिछले 27 वर्षों से वेबदुनिया ने भारत को दुनिया भर के करोड़ों पाठकों से जोड़ने का महत्वपूर्ण कार्य किया है। यह निश्चित रूप से गर्व और उत्सव का विषय है। वेबदुनिया की पूरी टीम को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएँ! आप इसी तरह निरंतर आगे बढ़ते रहें, पाठकों को प्रेरित करते रहें और आने वाले कई दशकों तक भारत की आवाज़ को दुनिया तक पहुँचाते रहें। भारत को दुनिया से जोड़ने के 27 वर्षों के लिए हार्दिक शुभकामनाएँ!
- महेश गनोरकर (मैक्स- रिपब्लिकन पार्टी सदस्य, अमेरिका)
वेबदुनिया ने 27 वर्षों में डिजिटल पत्रकारिता और भारतीय भाषाओं की ऑनलाइन दुनिया को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। इस उल्लेखनीय यात्रा से जुड़े सभी साथियों और पाठकों को 27वीं वर्षगांठ की हार्दिक शुभकामनाएं। विश्वसनीयता, नवाचार और उत्कृष्ट पत्रकारिता का यह सफर निरंतर आगे बढ़ता रहे।
- संदीप प्रधान (वरिष्ठा पत्रकार, देवास)
अविरत 27 वर्ष—वेबदुनिया को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ।
हिंदी की अस्मिता,अभिव्यक्ति और संवेदना को डिजिटल आकाश में एक सशक्त स्वर प्रदान करने की वेबदुनिया की 27 वर्षों की यह यात्रा न केवल गौरवपूर्ण,बल्कि हिंदी के वैश्विक विस्तार की एक उल्लेखनीय गाथा है। समय के बदलते प्रवाह के साथ तकनीक के नए क्षितिजों को आत्मसात करते हुए हिंदी को करोड़ों पाठकों के डिजिटल संसार तक पहुँचाने में वेबदुनिया ने जो सार्थक भूमिका निभाई है,वह निश्चित ही प्रशंसनीय है। शब्दों से संसार रचने और मातृभाषा को आधुनिक युग की तकनीकी धारा से जोड़ने वाली यह यात्रा अनवरत गतिमान रहे, नए प्रतिमान स्थापित करे और हिंदी की समृद्धि,प्रतिष्ठा एवं व्यापकता को नई ऊँचाइयों तक ले जाए इन्हीं मंगलभावनाओं के साथ वेबदुनिया की पूरी टीम को 27वें गौरवपूर्ण वर्ष में प्रवेश की हार्दिक बधाई एवं उज्ज्वल भविष्य के लिए अनंत शुभकामनाएँ।
- अमित राव पवार (युवा लेखक/इतिहाविद एवं स्वच्छता ब्रांड एम्बेसेडर देवास)
वेबदुनिया के 27 वर्ष पूरे होना एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। भारतीय भाषाओं के डिजिटल संसार में अपनी पहचान बनाने वाली इस संस्था को वर्षगांठ की हार्दिक बधाई। आने वाले वर्षों में वेबदुनिया तकनीक और पत्रकारिता के नए प्रयोगों के साथ नई ऊंचाइयां हासिल करे और पाठकों तक विश्वसनीय एवं उपयोगी जानकारी पहुंचाता रहे- इन्हीं शुभकामनाओं के साथ।
- मानसी कुशवाह (वेबदुनिया पाठक)
धर्म, ज्योतिष और इतिहास की समृद्ध विरासत को डिजिटल दुनिया से जोड़ते हुए वेबदुनिया ने 27 वर्षों का गौरवपूर्ण सफर पूरा किया है। आस्था, परंपरा, संस्कृति और इतिहास से जुड़े ज्ञान को सरल भाषा में पाठकों तक पहुंचाने की यह यात्रा निरंतर जारी रहे। वेबदुनिया की 27वीं वर्षगांठ पर पूरी टीम को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। आने वाले वर्षों में भी वेबदुनिया भारतीय संस्कृति और ज्ञान की विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता रहे।
- श्री आनंद बाबा (मथुरा स्थित श्रीजी पीठ के पीठाचार्य और सांस्कृतिक व आध्यात्मिक विषयों पर विचार व्यक्त करने वाले लेखक)
इन्टरनेट के शुरुआती दौर से लेकर AI के इस आधुनिक युग तक, भारतीय भाषाओं और हिंदी पत्रकारिता को वैश्विक पहचान दिलाने वाली वेबदुनिया की स्थापना दिवस पर सभी पाठकों एवं सहयोगियों को हार्दिक बधाई, शुभकामनाएं।
- अखिलेश पांडे (अखिलेश पांडे (सीनियर ट्रांसलेटर RWS)
वेबदुनिया को 27वें वर्ष में प्रवेश करने पर हार्दिक बधाई। पत्रकारिता में स्व. अभय जी की वर्षों की निष्पक्ष परम्परा का जीवंत उदाहरण वेबदुनिया। पिछले 27 वर्षों में आपने निष्पक्ष पत्रकारिता, भरोसेमंद खबरों और जनहित के मुद्दों से करोड़ों पाठकों का विश्वास अर्जित किया है। आशा है आगे भी दुनिया का यह पहला हिंदी पोर्टल इसी ऊर्जा और प्रतिबद्धता के साथ डिजिटल मीडिया में नई ऊंचाइयां छुएगा।
- अखिलेश श्रीराम बिल्लौरे (डिप्टी चीफ सब एडिटर नईदुनिया इंदौर)
वेबदुनिया के 27 वर्ष पूर्ण होने पर हार्दिक बधाई एवं अनंत शुभकामनाएँ! वेबदुनिया सदैव नई सफलताओं के कीर्तिमान स्थापित करता रहे और निरंतर प्रगति के पथ पर आगे बढ़ता रहे। वेबदुनिया, श्रीमान विनय जी छजलानी की दूरदर्शी सोच और दृढ़ संकल्प का परिणाम है। मेरे लिए यह संस्था केवल एक कार्यस्थल नहीं, बल्कि मेरे व्यावसायिक जीवन की पहली सीढ़ी और अनेक यादों का हिस्सा है। मेरी पहली नौकरी वेबदुनिया से ही शुरू हुई और यह मेरा सौभाग्य है कि पिछले 21 वर्षों से इससे जुड़े रहने का अवसर और गौरव मुझे प्राप्त हुआ है।
वेबदुनिया से जुड़े इस लंबे सफर ने मुझे न केवल एक बेहतर पेशेवर बनने का अवसर दिया, बल्कि जीवन में बहुत कुछ सीखने और अनेक लोगों से जुड़ने का सौभाग्य भी दिया। वेबदुनिया परिवार को 27वें स्थापना दिवस की हार्दिक बधाई एवं उज्ज्वल भविष्य के लिए ढेरों शुभकामनाएँ। वेबदुनिया यूँ ही नई ऊँचाइयाँ छूता रहे। वेबदुनिया—मेरी पहली नौकरी, मेरे 21 वर्षों की यादगार यात्रा।

