सम्बंधित जानकारी
- छत्तीसगढ़ के लिए कांग्रेस की दूसरी सूची जारी, जानिए किसे कहां से मिला टिकट
- कांग्रेस नेताओं ने की संबित पात्रा के खिलाफ आचार संहिता उल्लंघन की शिकायत
- राफेल के जवाब में भाजपा का कांग्रेस पर हेराल्ड वार, कांग्रेस ने उठाए सवाल
- छत्तीसगढ़ में सबसे ज्यादा प्रत्याशी मुख्यमंत्री डॉ. रमनसिंह के खिलाफ
- तारिक अनवर ने थामा कांग्रेस का हाथ, आज करेंगे औपचारिक घोषणा
राकांपा में 19 साल रहने के बाद कांग्रेस में लौटे तारिक अनवर
नई दिल्ली। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) में लगभग 2 दशक गुजारने के बाद 1 महीने पहले पार्टी का दामन छोड़ने वाले तारिक अनवर अपनी पुरानी पार्टी कांग्रेस में शनिवार को वापस लौट आए। अनवर, सोनिया गांधी के विदेशी मूल की होने के मुद्दे पर पार्टी छोड़कर गए थे। उस दौरान शरद पवार और दिवंगत नेता पीए संगमा ने भी पार्टी का साथ छोड़ा था।
लोकसभा के 5 बार और राज्यसभा के 2 बार सदस्य रहे अनवर ने अपने समर्थकों के साथ शनिवार को तुगलक लेन स्थित कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के आवास पर उनसे भेंट की। राहुल ने उनकी पार्टी में फिर से उनका स्वागत किया।
संवाददाता सम्मेलन में अनवर ने कहा कि ऐसे वक्त में जब देश संवेदनशील परिस्थितियों से दो-चार हो रहा है, कांग्रेस को मजबूत बनाना जरूरी है, क्योंकि यदि देश में कोई विकल्प है तो वह कांग्रेस है। मौके पर मौजूद अखिल भारतीय कांग्रेस समिति के महासचिव अशोक गहलोत ने किन्हीं कारणों से कांग्रेस का साथ छोड़ चुके लोगों से अपील की कि वे पार्टी में वापस लौटें और फासीवादी ताकतों के सत्ता में होने के कारण देश के समक्ष उत्पन्न चुनौतियों से लड़ें।
यह पूछने पर कि क्या उनकी अपील राकांपा प्रमुख पवार के लिए भी है? गहलोत ने कहा कि यह संदेश उन सभी के लिए है, जो कांग्रेस के सिद्धांतों और नीतियों में विश्वास रखते हैं। (भाषा)
