राहुल गांधी पर जमकर बरसे शिवराज, लगाया यह आरोप...
Shivraj Singh Chauhan's statement on Rahul Gandhi : केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने रविवार को राहुल गांधी को बाल बुद्धि बताया और उन पर भ्रम और झूठ फैलाने का आरोप लगाया। चौहान की यह टिप्पणी गांधी द्वारा राम मंदिर आंदोलन को हराने संबंधी हाल के उनके बयान के जवाब में आई है।
चौहान ने भोपाल में भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में भाग लेने के बाद कहा, राहुल गांधी बाल बुद्धि हैं जो अभी परिपक्व नहीं हुए हैं। वह अभी तक ठीक से विपक्ष के नेता नहीं बने हैं। वह कहते हैं कि हमने (इंडिया गठबंधन ने) राम जन्मभूमि आंदोलन को हरा दिया है। राहुल जी, राम हमारे अस्तित्व हैं, हमारे आदर्श हैं, हमारे जीवन हैं, हमारे भगवान हैं और राम भारत की पहचान हैं।
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने शनिवार को गुजरात में कांग्रेस कार्यकर्ताओं की एक बैठक को संबोधित करते हुए कहा था कि इंडिया गठबंधन ने अयोध्या में भाजपा को हराकर राम मंदिर आंदोलन को परास्त कर दिया है जिसे लालकृष्ण आडवाणी ने शुरू किया था।
चौहान ने एक सवाल के जवाब में राहुल गांधी के बयान का मखौल उड़ाया और कहा कि भगवान राम के बिना भारत को नहीं जाना जा सकता। चौहान ने कहा, इस आंदोलन ने कांग्रेस को कई बार सत्ता से बाहर किया है और एक दिव्य और भव्य मंदिर के निर्माण का मार्ग प्रशस्त किया है, लेकिन राहुल गांधी केवल झूठ बोलते हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि गांधी ने संसद में अग्निवीर शहीदों के बारे में झूठ बोला और यह भी झूठ कहा कि सरकार न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) मुहैया नहीं करा रही है। उन्होंने कहा, उन्हें (राहुल को) झूठ बोलने और भ्रम फैलाने के अलावा और कुछ नहीं आता। यही कारण है कि ये बाल बुद्धि व्यक्ति राहुल गांधी जो मन में आता है, वह बोलते रहते हैं। कोई यह नहीं समझ पा रहा है कि वह (राम मंदिर) आंदोलन को कैसे हरा पाए।
चौहान ने कहा, जो मन में आए, वही कहना कांग्रेस की प्रवृत्ति बन गई है। उनके (राहुल गांधी) नेतृत्व में कांग्रेस केवल दुर्भाग्य को आमंत्रित करेगी। अहमदाबाद की अपनी यात्रा के दौरान, गांधी ने यह भी दावा किया था कि कांग्रेस भारतीय जनता पार्टी को गुजरात के उसके गढ़ (2027 के विधानसभा चुनावों में) में हराएगी, ठीक उसी तरह जैसे अयोध्या में भाजपा उम्मीदवार को हराया गया था। हाल के लोकसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी के अवधेश प्रसाद ने फैजाबाद सीट से भाजपा उम्मीदवार लल्लू सिंह को हराया था, जिसमें अयोध्या विधानसभा क्षेत्र भी शामिल है। (भाषा)
Edited By : Chetan Gour
Edited By : Chetan Gour

