शनिवार, 26 अप्रैल 2025
  • Webdunia Deals
  1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. राष्ट्रीय
  4. Shashi Tharoor's speech at the Congress Working Committee
Last Updated : बुधवार, 9 अप्रैल 2025 (15:48 IST)

CWC में बोले शशि थरूर, कांग्रेस को होना चाहिए आशा और सकारात्मक विमर्श की पार्टी, मतदाताओं का समर्थन फिर से करें हासिल

Shashi Tharoor
अहमदाबाद। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता शशि थरूर ने बुधवार को कहा कि उनकी पार्टी को रोष, अतीत और नकारात्मक आलोचना की नहीं बल्कि आशा, भविष्य और सकारात्मक विमर्श वाला दल होना चाहिए। थरूर ने कांग्रेस अधिवेशन में पेश प्रस्ताव का अनुमोदन करते हुए यह भी कहा कि पार्टी को उन मतदाताओं का समर्थन फिर से हासिल करने का प्रयास करना होगा, जो 2009 में पार्टी के साथ थे।
 
कांग्रेस को उम्मीद की पार्टी होना चाहिए, रोष की नहीं : कांग्रेस कार्यसमिति के सदस्य ने कहा कि जैसा कि मैंने कल कार्यसमिति में कहा कि कांग्रेस को उम्मीद की पार्टी होना चाहिए, रोष की नहीं। भविष्य की पार्टी होना चाहिए, सिर्फ अतीत की नहीं। सकारात्मक विमर्श वाली पार्टी होनी चाहिए, न कि केवल नकारात्मक आलोचना की। थरूर ने इस बात पर जोर दिया कि मुझे उम्मीद है कि हम यहां से देश को एक शानदार संदेश देकर जाएंगे कि हम अपने लोगों की प्रभावी ढंग से सेवा करने का बोझ उठाने के लिए तैयार हैं। उन्होंने उत्तर बनाम दक्षिण से जुड़ी राजनीतिक बहस को लेकर बुधवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर निशाना साधा और कहा कि कांग्रेस समावेशी पार्टी है।ALSO READ: कांग्रेस अधिवेशन में खरगे बोले, वह दिन दूर नहीं जब मोदी देश बेच देंगे
 
2024 में हमारे पास अच्छी और बुरी दोनों खबरें थीं : थरूर ने कहा कि 2024 में हमारे पास अच्छी और बुरी दोनों खबरें थीं। लोकसभा में हमारी ताकत दोगुनी हो गई, लेकिन उसके बाद राज्य के चुनावों में हमें झटका लगा। एआईसीसी का यह सत्र एक महत्वपूर्ण मोड़ साबित होना चाहिए। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि हमें उन मतदाताओं का समर्थन पुन: प्राप्त करने की आवश्यकता है, जो 2009 में हमारे साथ थे। हम ऐसा केवल रचनात्मक आलोचना के माध्यम से ही कर सकते हैं, अथक नकारात्मकता के माध्यम से नहीं।
 
थरूर ने राष्ट्रवाद के मुद्दे पर भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि हमारा राष्ट्रवाद सभी भारतीय नागरिकों की भलाई पर आधारित है। प्रस्ताव में सामाजिक न्याय एक प्रमुख विषय है। जैसा कि हमारा संविधान स्पष्ट करता है, हमारे राष्ट्र में विविध धर्मों, भाषाओं, क्षेत्रों और जातियों के लोग शामिल हैं। कांग्रेस उन सभी की सेवा करती है। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि समावेशन के इस विचार के लिए हमेशा खड़े रहना चाहिए।ALSO READ: क्या OBC ने छोड़ दिया है कांग्रेस का साथ, अधिवेशन में बोले राहुल गांधी
 
लोकसभा सदस्य ने कहा कि कांग्रेस समावेशी भारत की पार्टी है। राष्ट्रीय सद्भाव हमारा उद्देश्य है, सामंजस्यपूर्ण अस्तित्व और सभी की भलाई के लिए प्रयास करना है। भारत की खास बात यह है कि आप एक साथ एक अच्छे गुजराती, एक अच्छे मुसलमान और एक अच्छे भारतीय हो सकते हैं।ALSO READ: एक राष्ट्र एक चुनाव को लेकर CM योगी का कांग्रेस पर तीखा हमला, बोले- आंतरिक कलह से बचने के लिए देश को भटकाया
 
थरूर ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि कुछ लोग उत्तर को दक्षिण से विभाजित करने का प्रयास कर रहे हैं। मैं गर्व से कहता हूं कि मैं दक्षिण भारत से हूं। लेकिन मैं यह भी कहता हूं कि 'नफरत छोड़ो-भारत जोड़ो'। भारत को जोड़ने का काम, हम सभी का है। चाहे हम उत्तर भारत से हों, दक्षिण से, पूर्व से या पश्चिम से.... भारत हमारा है।(भाषा)
 
Edited by: Ravindra Gupta