रविवार, 13 अप्रैल 2025
  • Webdunia Deals
  1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. राष्ट्रीय
  4. 2025 will be the hottest year ever
Last Updated : बुधवार, 9 अप्रैल 2025 (13:08 IST)

अप्रैल की शुरुआत में ही गर्मी ने झुलसाया, अब तक का सबसे गर्म साल रहेगा 2025

Heat
2025 will be hottest year: भारत में इस साल गर्मी के तेवर कुछ ज्यादा ही तीखे नजर आ रहे हैं। अप्रैल की शुरुआत में ही पारा 45 डिग्री के पार पहुंच गया है। राजस्थान, मध्य प्रदेश, गुजरात से लेकर देश के अन्य हिस्सों में गर्मी झुलसा रही है। राजस्थान के बाड़मेर में तो अप्रैल माह की गर्मी ने पिछले 26 साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया। दिल्ली में भी इस सप्ताह अधिकतम तापमान 40 के पार जाने का पूर्वानुमान मौसम विभाग द्वारा व्यक्त किया जा रहा है। यूरोप में भी मार्च 2025 सबसे गर्म मार्च दर्ज किया गया। 
 
वैज्ञानिकों की चेतावनी : उल्लेखनीय है कि 2024 को भी सबसे गर्म साल माना गया था। अब माना जा रहा है कि 2025 गर्मी के मामले में 2024 का रिकॉर्ड तोड़ देगा। वैज्ञानिकों ने चेतावनी दी है कि अब तापमान में हर एक डिग्री सेल्सियस तापमान की बढ़ोतरी से लू, भारी बारिश और बाढ़ जैसी समस्याओं की निरंतरता और भयावहता बढ़ जाएगी। मौसम विभाग के अनुसार उत्तर पश्चिम भारत में 10 अप्रैल से, जबकि गुजरात और मध्य प्रदेश में 11 अप्रैल से लू से राहत मिलने की संभावना व्यक्त की जा रही है।  मध्य प्रदेश के नर्मदानगर (होशंगाबाद) में 7 ‍अप्रैल को पारा 44 डिग्री के पार पहुंच गया। 
दिल्ली में सबसे गर्म रात : राष्ट्रीय राजधानी में मंगलवार को इस मौसम की सबसे गर्म रात रही और बुधवार को न्यूनतम तापमान 25.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने दिल्ली में आंशिक रूप से बादल छाए रहने का अनुमान जताया है और भीषण गर्मी के लिए ‘यलो अलर्ट’ जारी किया है, जबकि अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। दिल्ली में सुबह नौ बजे वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 233 दर्ज किया गया जो ‘खराब’ श्रेणी में आता है।
 
राजस्थान में जारी रहेगा गर्मी का दौर : मौसम विभाग के अनुसार राजस्थान में भीषण गर्मी का दौर अभी दो तीन दिन जारी रहेगा, हालांकि उसके बाद आंधी व हल्की बारिश से इसमें कुछ राहत मिल सकती है। इस समय जैसलमेर, बाड़मेर, बीकानेर, चित्तौड़गढ़, कोटा जिलों में अधिकतम तापमान 44 से 46 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है। राज्य के शेष अधिकतर भागों में भी अधिकतम तापमान 42 से 44 डिग्री के बीच है और यह तापमान सामान्य से 3-8 डिग्री ऊपर है। सोमवार को बाड़मेर में सर्वाधिक अधिकतम तापमान, 45.6 डिग्री दर्ज किया गया था। 
Edited by: Vrijendra Singh Jhala 
ये भी पढ़ें
ट्रम्प के 104% टैरिफ वार पर चीन का पलटवार, ट्रम्प टीम में भी फूट पड़ी, आर्थिक महायुद्ध से मंदी का साया गहराया