1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. राष्ट्रीय
  4. Shaheed Sangram Patil cremated with full state honours in kolhapur

भारत माता की जय के उद्‍घोष के बीच शहीद संग्राम पाटिल का अंतिम संस्कार

Shaheed Sangram Patil
पुणे। जम्मू-कश्मीर में शहीद हुए महाराष्ट्र के कोल्हापुर जिले के रहने वाले सेना के जवान संग्राम पाटिल का सोमवार को यहां उनके मूल स्थान पर ‘भारत माता की जय’ के उद्घोष के बीच पूरे सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया।
 
पाटिल के परिजनों और सैकड़ों की संख्या में आए स्थानीय लोगों ने जवान को अश्रुपूर्ण अंतिम विदाई दी। मराठा लाइट इन्फेंट्री में हवलदार पाटिल शनिवार को पाकिस्तान द्वारा संघर्ष विराम का उल्लंघन करते हुए की गई गोलीबारी में शहीद हो गए थे।
रविवार को उनकी पार्थिक देह वायुसेना के विमान से पुणे लाई गई जिसके बाद कोल्हापुर के निकट करवीर तहसील के गांव निगावे ले जाया गया।
 
पाटिल की अंत्येष्टि के दौरान ग्रामीणों ने ‘भारत माता की जय’ और ‘संग्राम पाटिल अमर रहें’ के नारे लगाए। पाटिल के परिवार में उनके माता-पिता और भाई के अलावा उनकी पत्नी और दो बच्चे हैं।
 
अधिकारियों ने बताया कि पाकिस्तानी बलों ने शनिवार को बिना किसी उकसावे के जम्मू-कश्मीर में अंतरराष्ट्रीय सीमा (आईबी) और नियंत्रण रेखा पर स्थित दो सेक्टरों में अग्रिम चौकियों और गांवों को निशाना बनाकर गोलीबारी की थी जिसमें हवलदार पाटिल घायल हो गए थे तथा बाद में उन्होंने दम तोड़ दिया था।
 
इससे पहले, इस महीने की शुरुआत में पाकिस्तान की ओर से गोलीबारी में कोल्हापुर के ही एक जवान ऋषिकेश जोंढाले शहीद हो गए थे।
अगला लेख
मुंबई में NCB डायरेक्टर पर हमला, 3 लोग गिरफ्तार