अयोध्या में परिवहन की बसों में भी बजेंगे राम भजन, राममय होगा माहौल
भव्य प्राण-प्रतिष्ठा कार्यक्रम को लेकर कार्ययोजना तैयार
- प्राण-प्रतिष्ठा कार्यक्रम को लेकर रामभक्तों में उत्साह
- गांवों और शहरों में निकाली जा रही शोभायात्रा
- वाहनों में होगा भजनों का प्रसारण
भजनों का होगा प्रसारण : 22 जनवरी को लेकर परिवहन विभाग ने जो कार्ययोजना तैयार की है। उसके अनुसार सभी यात्री वाहनों में तथा बस स्टेशनों पर साफ-सफाई सुनिश्चित किए जाने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही सभी बसों में लगे पब्लिक एड्रेस सिस्टम में राम भजन बजाए जाने के निर्देश हैं, ताकि यात्रियों का सफर राममय हो सके और वह भी भगवान राम के जीवन से प्रेरणा ले सकें।
भगवान राम से जुड़े भजनों में विभिन्न कलाकारों के प्रसिद्ध भजनों को शामिल किया जाएगा, जबकि आज के दौर में लोगों की जुबां पर चढ़े भजनों और गीतों को भी इसमें सम्मिलित किया जा सकता है। इसके अलावा स्थानीय गायकों के राम भजनों को भी इसमें स्थान मिल सकता है। इसके माध्यम से योगी सरकार का उद्देश्य उत्तर प्रदेश में लोगों के बीच रामोत्सव को लेकर उत्सुकता पैदा करना है, ताकि हर जनसामान्य इस कार्यक्रम से किसी न किसी रूप में जुड़ सके।
इसमें सुरक्षित वाहन चलाना एवं यातायात नियमों का पालन कराया जाना, चालकों का टूरिस्ट के प्रति व्यवहार, चालकों द्वारा अनिवार्य रूप से वर्दी धारण किया जाना,किसी प्रकार का नशा एवं पान-गुटखा के सेवन से दूर रहना, वाहन की साफ-सफाई को सुनिश्चित किए जाने के संबध में और निर्धारित किराए से अधिक किराया किसी भी दशा में न वसूला जाए जैसे बिंदु शामिल होंगे।
इसके अलावा अयोध्या की परिधि के 200 किलोमीटर में सभी मार्गों पर इंटरसेप्टर वाहनों द्वारा प्रवर्तन टीमों को टूरिस्ट के सहायतार्थ लगाया जाना तथा सड़क दुर्घटना से संबधित बिंदुओं जैसे- ओवरलोडिंग, ड्रंकन ड्राइविंग, रांग साइड ड्राइविंग, निर्धारित किराए से अधिक किराया लिए जाने, चालकों के ड्रेस कोड तथा सुरक्षा की दृष्टि से अन्य उपायों को अपनाए जाने के लिए जागरूक किए जाने के साथ-साथ आवश्यकतानुसार प्रवर्तन कार्यवाही किया जाना भी सम्मिलित है।
यही नहीं सड़क सुरक्षा के दृष्टिगत राष्ट्रीय राजमार्गों तथा राज्य राजमार्गों पर एनएचएआई तथा पीडब्ल्यूडी के द्वारा एंबुलेंस, पेट्रोलिंग एवं क्रेन वाहनों की मार्गों पर तैनाती सुनिश्चित की जाएगी।

