Hanuman Chalisa
Mon, 14 Sep 2026

Notifications

  1. खबर-संसार
  2. समाचार
  3. राष्ट्रीय
  4. Rajnath Singh on Doklam conflict

भारतीय सुरक्षा बल देश की सीमाओं की रक्षा करने में सक्षम हैं- राजनाथ

india-China border dispute
गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने सोमवार को कहा कि भारत एवं चीन के बीच डोकलाम में जारी गतिरोध का समाधान जल्द ही खोजा जाएगा और उन्होंने उम्मीद जताई कि चीन इस संबंध में सकारात्मक कदम उठाएगा।
 
राजनाथ सिंह ने यहां भारत तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) के एक समारोह में कहा, ‘जल्द ही समाधान खोज लिया जाएगा और मुझे विश्वास है कि चीन कोई सकारात्मक कदम उठाएगा।’ गृहमंत्री ने कहा कि वह सभी पड़ोसी देशों को यह संदेश देना चाहते हैं कि भारत शांति चाहता है।
 
उन्होंने साथ ही स्पष्ट किया कि भारतीय सुरक्षा बल देश की सीमाओं की रक्षा करने में सक्षम है। सिंह ने कहा, ‘हमारे सुरक्षा बलों के पास भारतीय सीमाओं की रक्षा करने की पूरी ताकत है।’ आईटीबीपी जम्मू कश्मीर से अरूणाचल प्रदेश तक 4,057 किलोमीटर लंबी भारत-चीन सीमा की रक्षा करता है।
 
भारतीय बलों ने सिक्किम सेक्टर के डोकलाम क्षेत्र में चीनी बलों को सड़क निर्माण करने से रोक दिया था, जिसके बाद से भारत एवं चीन के बीच वहां गतिरोध की स्थिति बनी हुई है।
 
चीन ने दावा किया है कि वह अपने क्षेत्र में सड़क का निर्माण कर रहा था। वह विवादित डोकलाम क्षेत्र से भारतीय बलों को वापस बुलाए जाने की मांग कर रहा है। भूटान का कहना है कि डोकलाम उसका हिस्सा है लेकिन चीन इस क्षेत्र पर अपना दावा करता है।
 
डोकलाम से भारतीय बलों की तत्काल वापसी की मांग करते हुए चीन पिछले कुछ सप्ताह से भारत के खिलाफ लगातार बयानबाजी कर रहा है। खासकर चीनी सरकारी मीडिया ने कई लेखों में डोकलाम गतिरोध को लेकर भारत की निंदा की है। (भाषा)