1. खबर-संसार
  2. समाचार
  3. राष्ट्रीय
  4. Rajnath Singh, Indian Economy, Terrorism

अर्थव्यवस्था को कमजोर करना चाहती हैं विरोधी ताकतें : राजनाथ

Rajnath Singh
अराक्कोनम (तमिलनाडु)। केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने सोमवार को कहा कि भारत विरोधी ताकतें देश की बढ़ती अर्थव्यवस्था को पचा नहीं पा रही हैं और वे देश की अर्थव्यवस्था तथा सामरिक स्थिति को कमजोर बनाने के लिए इसे नुकसान पहुंचाना चाहती हैं। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि भारत तेजी से उभर रही अर्थव्यवस्था है और वर्तमान में इसे दुनिया की 10 शीर्ष अर्थव्यवस्थाओं में गिना जाता है।
 
केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल की पासिंग आउट परेड के दौरान राजनाथ ने कहा कि दुनिया यह समझने लगी है कि 2030 तक भारत दुनिया के शीर्ष 3 अर्थव्यवस्थाओं में शामिल होगा और उस वक्त अर्थव्यवस्था का आकार मौजूदा 2 ट्रिलियन के मुकाबले 5 ट्रिलियन हो जाएगा।
 
उन्होंने कहा कि लेकिन भारत विरोधी ताकतें हैं जिन्हें सामान्य तौर पर यह पसंद नहीं आता और वे ऐसे संवेदनशील क्षेत्रों में हमला करना चाहती हैं, जहां से इसकी अर्थव्यवस्था और सामरिक स्थिति कमजोर हो। मंत्री ने कहा कि कई देशों में आतंकवाद बड़ा खतरा है लेकिन आज प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने इसे विश्व मंच पर उठाया है और ज्यादातर देशों को वे इस मुद्दे पर एकजुट करने में सक्षम रहे हैं।
 
उन्होंने कहा कि आतंकवाद बड़ा मुद्दा है और कई आतंकवादी संगठनों ने भारत पर भी अपनी नजरें गड़ाई हैं और वे भारत को नुकसान पहुंचाने का अवसर खोजते रहते हैं। राजनाथ सिंह ने कहा कि अमेरिका में हुए 9/11 हमले और मुंबई में हुए 26/11 हमलों ने आतंकवादी हमलों का ऐसा प्रभाव दिखाया है, जो लंबे वक्त तक दिखेगा। (भाषा)
अगला लेख
डेरा प्रमुख और बलात्कार पीड़िताओं की याचिका हाईकोर्ट में स्‍वीकार