1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. राष्ट्रीय
  4. Rahul Gandhi popularity increased, but still far behind PM Modi

राहुल गांधी की लोकप्रियता बढ़ी, लेकिन पीएम मोदी से अब भी काफी पीछे

Karnataka Opinion Poll
देश में लोकसभा चुनाव (Loksabha Elections 2024) को लेकर राजनीतिक उथल पुथल चरम पर है। पीएम नरेंद्र मोदी के खिलाफ विपक्ष हमलावर है। कांग्रेस की तरफ से राहुल गांधी को पीएम पद का उम्मीदवार माना जा रहा है तो वहीं, विपक्ष के दूसरे राजनीतिक दलों में अब तक इसे लेकर कोई सहमति नहीं बन पाई है कि कौन पीएम होगा।

ठीक इसी दौरान नरेंद्र मोदी सरकार के 9 साल पूरे होने पर NDTV ने लोकनीति-सेंटर फॉर द स्टडी ऑफ डेवलपिंग सोसाइटीज (CSDS) के साथ मिलकर सर्वे किया है। सर्वे में यह पता लगाने की कोशिश की गई कि पीएम नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) और राहुल गांधी में कौन जनता के बीच ज्यादा लोकप्रिय हैं। देशभर के अलग-अलग हिस्सों में कराए गए सर्वे में लोगों से यह पूछा गया कि अगर आज चुनाव हुए तो पीएम के तौर पर किसे देखना चाहेंगे?

सर्वे में सामने आया कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी की लोकप्रियता इन दिनों बढ़ी है, हालांकि पीएम नरेंद्र मोदी से वे अब भी काफी पीछे हैं। NDTV-CSDS के सर्वे में राहुल गांधी और नरेंद्र मोदी की लोकप्रियता को लेकर कई दिलचस्प तथ्य सामने आए हैं। सर्वे में शामिल 43% लोगों ने नरेंद्र मोदी को बतौर पीएम अपनी पहली पसंद बताया। वहीं, 27 फीसदी लोगों ने कहा कि वो पीएम के तौर पर राहुल गांधी को देखना चाहते हैं।

देश में नेताओं की लोकप्रियता की बात की जाए तो इस मामले में राहुल गांधी को कुछ बढ़त मिलती दिख रही है। शायद भारत जोडो यात्रा और कर्नाटक चुनाव में कांग्रेस की जीत के बाद राहुल को पसंद किया जा रहा है। जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राहुल गांधी की लोकप्रियता की तुलना की जाए, तो पीएम मोदी की लोकप्रियता 43 फीसदी है, जबकि राहुल गांधी की लोकप्रियता 27 फीसदी है। दिलचस्प बात यह है कि 2019 से 2023 के बीच पीएम मोदी की लोकप्रियता 44 फीसदी से घटकर 43 फीसदी हो गई है। जबकि राहुल गांधी की लोकप्रियता 24 फीसदी से बढ़कर 27 फीसदी हो गई है। 2023 में राहुल गांधी की लोकप्रियता में 3 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है। फिर भी लोकप्रियता के मामले में राहुल गांधी अभी पीएम मोदी से बहुत पीछे हैं।

NDTV-CSDS के सर्वे में शामिल लोगों से यह भी सवाल किया गया था कि उन्हें नरेंद्र मोदी कैसे लगते हैं? सर्वे में शामिल 40 फीसदी लोगों ने कहा कि उन्हें पीएम मोदी पसंद हैं। 23 फीसदी लोगों ने पीएम मोदी को नापसंद किया। 25 फीसदी लोगों ने कहा कि उन्हें पीएम मोदी न तो अच्छे लगते हैं और न बुरे लगते हैं। जबकि 12 फीसदी लोगों ने कोई जवाब नहीं दिया।

बता दें कि देश में लोकसभा चुनाव (Loksabha Elections 2024) के लिए सभी राजनीतिक दलों ने अभी से कमर कस ली है। नीतीश कुमार से लेकर ममता बनर्जी, अखिलेश यादव और अरविंद केजरीवाल तक अपने अपने राजनीतिक समीकरण तलाश रहे हैं। मोटे तौर पर सभी नेता पीएम मोदी को रोकना चाहते हैं, लेकिन इसे लेकर अब तक कोई ऐसा मंच नजर नहीं आ रहा है, जहां सभी दल के नेता एक साथ एक सुर में नजर आए हो।
Edited by navin rangiyal
अगला लेख
पीएम मोदी ने ऑस्ट्रेलियाई गवर्नर जनरल डेविड हर्ले से की मुलाकात, द्विपक्षीय संबंधों को देंगे बढ़ावा