IMD Alert : बार-बार क्यों बदल रहा है मौसम चक्र का पैटर्न, आईएमडी ने क्या कहा, किन राज्यों के लिए बारिश, तूफान और ओलों की चेतावनी
weather update : पूरे उत्तर भारत में मानसून एक बार फिर मेहरबान है। मौसम विभाग का कहना है कि जाने से पहले यह मानसून की आखिरी बारिश हो सकती है। हालांकि यह अभी पक्के तौर पर नहीं कहा जा सकता, क्योंकि इस बार मौसमी चक्र बार-बार अपना पैटर्न बदल रहा है। इसकी बड़ी वजह पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) का एक्टिव होना बताया जा रहा है। देश के कई राज्यों भारी बारिश, आंधी-तूफान की चेतावनी जारी की गई है।
IMD के मुताबिक उत्तर भारत, जिसमें पंजाब, हरियाणा, राजस्थान और उत्तराखंड पर 5 अक्टूबर को पश्चिमी विक्षोभ का असर रहेगा। इसके कारण आकाश में बादल तने रहेंगे और हल्की से मध्यम स्तर की बरसात हो सकती है। कई स्थानों पर 30-50 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने के आसार हैं। इस दौरान गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों में 6 अक्टूबर तक भारी वर्षा का अलर्ट है। IMD ने दिल्ली एनसीआर में ओले गिरने की संभावना जताई है। 5-7 अक्टूबर के बीच दिल्ली समेत आसपास के जिलों में तेज बरसात के साथ ओलावृष्टि होने की संभावना है। राजस्थान में मानसून की विदाई के बाद भी बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि रविवार, 5 अक्टूबर से बारिश और तेज हो सकती है।
क्या बदल रहा है मौसम
मानसून की वापसी के बाद भी देश के कई राज्यों में भारी बारिश हो रही है। खासकर दशहरा के दिन से ही उत्तर भारत में मौसम ने अचानक करवट ले ली। इसकी बड़ी वजह पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) का एक्टिव होना बताया जा रहा है। IMD के मुताबिक ओडिशा, पूर्वी मध्यप्रदेश, पूर्वी उत्तर प्रदेश और बिहार में निम्न दबाव का क्षेत्र (Low Pressure Area) बना है, जिससे इन जगहों पर बीते दिन से ही तेज बारिश देखने को मिल रही है।
अरब सागर में चक्रवात शक्ति
अरब सागर में चक्रवात शक्ति तेजी से कोंकण तट की तरफ बढ़ रहा है। मौसम विभाग ने मुंबई समेत आसपास के कई जिलों में तेज बरसात के साथ तूफानी हवाएं चलने की चेतावनी जारी की है। समुद्र की लहरें पूरे उफान पर हैं। मछुआरों और पर्यटकों को समुद्री तटों से दूर रहने का आदेश दिया गया है।
इन स्थानों पर गिर सकते हैं ओले
मौसम विभाग के मुताबिक पश्चिमी विक्षोभ तेजी से सक्रिय हो रहा है। 5-7 अक्टूबर के बीच जम्मू कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, पंजाब और हरियाणा में आंधी-तूफान के साथ तेज बरसात और ओलावृष्टि होने की संभावना है। 8 अक्टूबर को उत्तराखंड में भी यही स्थिति देखने को मिल सकती है। Edited by : Sudhir Sharma