शनिवार, 27 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. राष्ट्रीय
  4. Punjab Chief Minister Bhagwant Mann's statement regarding Delhi government
Last Modified: नई दिल्ली , शनिवार, 23 मार्च 2024 (23:54 IST)

दिल्ली की सरकार कैसे चलेगी, पंजाब के CM भगवंत मान ने दिया जवाब

दिल्ली की सरकार कैसे चलेगी, पंजाब के CM भगवंत मान ने दिया जवाब - Punjab Chief Minister Bhagwant Mann's statement regarding Delhi government
Bhagwant Mann's statement regarding Delhi government : आम आदमी पार्टी (AAP) के नेता एवं पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने शनिवार को कहा कि अगर दिल्ली के उनके समकक्ष अरविंद केजरीवाल को जेल भेजा जाता है, तो वे सरकार चलाने के वास्ते वहां उनका कार्यालय स्थापित करने के लिए अदालत से अनुमति मांगेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि AAP में केजरीवाल की जगह कोई नहीं ले सकता।
यह पूछे जाने पर कि यदि केजरीवाल को न्यायिक हिरासत में जेल भेजा जाता है तो वह अपनी सरकार कैसे चलाएंगे, इस पर मान ने कहा कि ऐसा कहीं नहीं लिखा है कि सरकार जेल से नहीं चलाई जा सकती। प्रवर्तन निदेशालय (ED) द्वारा दिल्ली आबकारी नीति मामले में गिरफ्तार किए गए केजरीवाल को अदालत ने 28 मार्च तक ईडी की हिरासत में भेज दिया था। भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने केजरीवाल के इस्तीफे की मांग की है।
 
AAP में अरविंद केजरीवाल की जगह कोई नहीं ले सकता : मान ने कहा कि कानून कहता है कि वह दोषी पाए जाने तक जेल से काम कर सकते हैं। हम जेल में कार्यालय स्थापित करने के लिए उच्चतम न्यायालय, उच्च न्यायालय से अनुमति मांगेंगे और सरकार काम करेगी। यह पूछे जाने पर कि क्या केजरीवाल की गिरफ्तारी से लोकसभा चुनाव में AAP का प्रचार अभियान प्रभावित होगा। पंजाब के मुख्यमंत्री ने कहा कि AAP में केजरीवाल की जगह कोई नहीं ले सकता, क्योंकि उन्होंने भ्रष्टाचाररोधी आंदोलन से पार्टी बनाई है।
पंजाब के मुख्यमंत्री मान देशभर में पार्टी की जनसभाओं में केजरीवाल के साथ रहते आए हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी उन्हें जहां भी जिम्मेदारी देगी, वह वहां जाएंगे। मान ने कहा कि पार्टी में अरविंद केजरीवाल की जगह कोई नहीं ले सकता क्योंकि पार्टी (इंडिया अगेंस्ट करप्शन) आंदोलन से बनी है। वह पार्टी के वरिष्ठ संस्थापक सदस्य हैं। जिस दिन उन्होंने पार्टी पंजीकृत कराई और झाड़ू चुनाव चिह्न मिला, मैं उनके साथ नहीं था। मैं बाद में जुड़ा।
 
AAP ने सभी को नेता बना दिया : पंजाब के मुख्यमंत्री ने कहा कि AAP में कोई पदानुक्रम नहीं है, हर कोई केजरीवाल का वफादार सिपाही है। उन्होंने कहा कि केजरीवाल ने पार्टी में एक काम किया, उन्होंने सभी को राष्ट्रीय संयोजक बना दिया। AAP ने सभी को नेता बना दिया। पंजाब के मुख्यमंत्री ने भाजपा पर आरोप लगाया कि वह राजनीतिक प्रतिशोध में लगी हुई है और चुनाव जीतने के लिए विपक्ष के सभी लोगों को जेल भेजना चाहती है।
उन्होंने कहा कि बांग्लादेश में ऐसा हुआ। देश का पूरा विपक्ष जेल में है। रूस में पुतिन 88 फीसदी वोट के साथ 2030 तक राष्ट्रपति बने हैं। क्या यह लोकतंत्र है? पूर्व उपमुख्यमंत्री एवं शिक्षा मंत्री मनीष सिसोदिया, पूर्व स्वास्थ्य मंत्री सत्येन्द्र जैन और राज्यसभा सदस्य संजय सिंह समेत आम आदमी पार्टी के शीर्ष नेता धनशोधन मामले में कई महीनों से जेल में हैं।
 
देश के 140 करोड़ लोग इस बात को समझते हैं : केजरीवाल फिलहाल 28 मार्च तक ईडी की हिरासत में हैं। उन्हें उनकी सरकार की अब समाप्त की जा चुकी आबकारी नीति से जुड़े मनीलॉन्ड्रिंग मामले में ईडी ने गुरुवार रात गिरफ्तार किया था। इसी मामले में सिसोदिया और सिंह भी जेल में हैं। मान ने कहा कि वर्तमान में डॉ. भीमराव आंबेडकर के संविधान को बचाने की जरूरत है और देश के 140 करोड़ लोग इस बात को समझते हैं।
 
आतिशी ने किया दावा : इस बीच, दिल्ली की कैबिनेट मंत्री आतिशी ने दावा किया कि शहर में आम आदमी पार्टी के कार्यालय को सभी तरफ से सील कर दिया गया है और पार्टी इस मामले की जानकारी निर्वाचन आयोग को देगी। दिल्ली पुलिस के एक अधिकारी ने AAP के इस आरोप का खंडन किया। अधिकारी ने कहा कि डीडीयू मार्ग पर धारा 144 लागू होने के बाद से लोगों की भीड़ को रोकने के लिए पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है। (भाषा)
Edited By : Chetan Gour 
ये भी पढ़ें
BJP ने SKM से तोड़ा गठबंधन, सिक्किम में अकेले लड़ेगी विस और लोस चुनाव