1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. राष्ट्रीय
  4. pradhan mantri kisan samman nidhi

मोदी गोरखपुर से करेंगे प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की शुरुआत

Prime Minister Kisan Adhash Nidhi
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी रविवार को उत्तरप्रदेश के गोरखपुर से प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि (पीएम-किसान) योजना की शुरुआत करेंगे। इसके तहत देश के 1 करोड़ से अधिक छोटे किसानों के बैंक खाते में 2,000 रुपए की पहली किस्त डाल दी जाएगी। कृषि मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी देते बताया कि अगले 2-3 दिन में अन्य 1 करोड़ किसानों तक यह लाभ पहुंचाया जाएगा।
 
केंद्र सरकार ने वित्त वर्ष 2019-20 के अंतरिम बजट में पीएम-किसान योजना का ऐलान किया है। इसके तहत 2 हैक्टेयर तक जोत रखने वाले 12 करोड़ छोटे एवं सीमांत किसानों को सालाना 6,000 रुपए की नकद सहायता देने की घोषणा की गई है। यह योजना इसी वित्त वर्ष से ही लागू हो गई है और यही वजह है कि किसानों को मार्च के आखिर तक 2,000 रुपए की पहली किस्त मिल जाएगी। यह योजना कृषि क्षेत्र की दिक्कतों को दूर करने की केंद्र की कोशिशों का हिस्सा है।
 
खाद्यान्न की बंपर पैदावार की वजह से किसानों को उनकी उपज का वाजिब दाम नहीं मिल पा रहा है। तिलहन, गन्ना, कपास और बागवानी फसलों के मामले में भी यही हाल रहा है जिससे किसानों में नाराजगी है। केंद्रीय कृषि मंत्रालय ने शनिवार को बयान जारी कर कहा कि लघु एवं सीमांत किसानों को निश्चित आय सहायता के लिए सरकार प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि (पीएम-किसान) की शुरुआत कर रही है।
 
मंत्रालय ने बयान में इस बात का जिक्र नहीं किया है कि रविवार को कितने किसानों के खाते में 2,000 रुपए की पहली किस्त भेजी जाएगी? हालांकि वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि उत्तरप्रदेश एवं कर्नाटक सहित 14 राज्यों के 1 करोड़ से अधिक किसानों को रविवार को 2,000 रुपए भेजे जाएंगे। इसके अलावा 28 राज्यों और 1 केंद्र शासित प्रदेश के लोगों को यह लाभ अगले 2-3 दिन में भेजा जाएगा। (भाषा)
अगला लेख
AirIndia विमान को हाईजैक कर पाकिस्तान ले जाने की धमकी..., हाई अलर्ट