1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. राष्ट्रीय
  4. PM Modi on women reservation bill

पीएम मोदी बोले, सच्चाई बना नारी शक्ति वंदन अधिनियम, महिलाओं को मिला खुला आसमान

PM Modi
नई दिल्ली। संसद में महिला आरक्षण बिल पास के एक दिन बाद भाजपा महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का भाजपा मुख्‍यालय में जोरदार स्वागत किया। इस अवसर पर पीएम मोदी ने कहा कि पूर्ण बहुमत वाली स्थिर सरकार है तो 'नारी शक्ति वंदन अधिनियम' एक सच्चाई बन गया है। इससे महिलाओं को खुला आसमान मिला है।
 
इस कानून ने फिर साबित किया है कि देश को आगे ले जाने के लिए पूर्ण बहुमत वाली मजबूत और निर्णायक सरकार बहुत आवश्यक है। बिल फाड़ने वाले भी आज इसका समर्थन कर रहे हैं।
 
उन्होंने कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम का दोनों सदनों से पास होना, इस बात का भी साक्षी है कि जब पूर्ण बहुमत वाली स्थिर सरकार होती है, तो देश कैसे बड़े फैसले लेता है, बड़े पड़ावों को पार करता है। भारत को विकसित बनाने के लिए, आज भारत नारी शक्ति को खुला आसमान दे रहा है। आज देश, माताओं-बहनों-बेटियों के सामने आने वाली हर अड़चन को दूर कर रहा है।
 
प्रधानमंत्री ने महिला कार्यकर्ताओं से कहा कि बीते 9 वर्षों में हमने माताओं-बहनों से जुड़ी हर बंदिश को तोड़ने का प्रयास किया है। हमारी सरकार ने एक के बाद एक ऐसी योजनाएं बनाई, ऐसे कार्यक्रम शुरू किए हैं, जिससे हमारी बहनों को सम्मान, सुविधा, सुरक्षा और समृद्धि का जीवन मिले।
 
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में महिलाओं की भागीदारी के लिए, इस कानून के लिए BJP तीन दशक से प्रयास कर रही थी। ये हमारा कमिटमेंट था। इसे हमने पूरा करके दिखाया है। नारी शक्ति वंदन अधिनियम कोई सामान्य कानून नहीं है। ये नए भारत की नई लोकतांत्रिक प्रतिबद्धता का उद्घोष है। ये अमृतकाल में सबका प्रयास से विकसित भारत के निर्माण की तरफ बढ़ा कदम है।
 
भाजपा मुख्यालय में बड़ी संख्या में महिलाएं मोदी का स्वागत करने के लिए मौजूद थीं। इनमें सरकारी योजनाओं की लाभार्थी कई महिलाएं भी शामिल थीं। मोदी लाभार्थियों के एक समूह का अभिवादन करते हुए झुके। लाभार्थियों के इस समूह ने माला पहनाकर उन्हें शुभकामनाएं दीं।
Edited by : Nrapendra Gupta 
 
अगला लेख
SEBI ने 11 इकाइयों पर लगाया 55 लाख रुपए का जुर्माना, जानिए क्‍या है मामला...