योग दिवस पर पीएम मोदी ने बताया, योग ने कैसे पूरी दुनिया जोड़ा
PM Modi on Yoga day : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि योग सभी का है और सभी के लिए है। उन्होंने कहा कि आज 11वीं बार पूरा विश्व 21 जून को एक साथ योग कर रहा है। योग का सीधा-सादा अर्थ होता है-जुड़ना। और ये देखना सुखद है कि कैसे योग ने पूरे विश्व को जोड़ा है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि दुर्भाग्य से आज पूरी दुनिया किसी न किसी तनाव से गुजर रही है। कितने ही क्षेत्रों में अशांति और अस्थिरता बढ़ रही है। ऐसे में योग से हमें शांति की दिशा मिलती है।
पीएम मोदी ने कहा कि विश्व में योग के प्रसार के लिए भारत योग की साइंस को आधुनिक रिसर्च से और अधिक सशक्त कर रहा है। देश के बड़े-बड़े मेडिकल संस्थान योग पर रिसर्च पर जुटे हैं। योग की वैज्ञानिकता को आधुनिक चिकित्सा पद्धति में स्थान मिले, ये हमारा प्रयास है।Yoga is the pause button humanity needs... to breathe, to balance, to become whole again. pic.twitter.com/vsGghEsNxq
— PMO India (@PMOIndia) June 21, 2025
उन्होंने कहा कि चाहे सिडनी ऑपेरा हाउस की सीढ़ियां हो, चाहे एवरेस्ट की चोटियां हो, या फिर समुद्र का विस्तार हो। हर जगह से एक ही संदेश आता है - योग सभी का है और सभी के लिए है।
पीएम मोदी ने कहा कि मैं बीते एक दशक में योग की यात्रा को जब देखता हूं, तो बहुत कुछ याद आता है। वो दिन जब संयुक्त राष्ट्र में भारत ने प्रस्ताव रखा कि 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के रुप में मान्यता मिले और तब कम से कम समय में दुनिया के 175 देश हमारे इस प्रस्ताव के साथ खड़े हुए। आज की दुनिया में ऐसी एकजुटता, ऐसा समर्थन सामान्य घटना नहीं है। ये सिर्फ एक प्रस्ताव का समर्थन भर नहीं था, ये मानवता के भले के लिए दुनिया का सामुहिक प्रयास था।
उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि आइए, हम सब मिलकर योग को एक जन आंदोलन बनाएं। एक ऐसा आंदोलन, जो विश्व को शांति, स्वास्थ्य और समरसता की ओर ले जाए। जहां हर व्यक्ति दिन की शुरुआत योग से करे और जीवन में संतुलन पाए। जहां हर समाज योग से जुड़े और तनाव से मुक्त हो। जहां योग मानवता को एक सूत्र में पिरोने का माध्यम बने। और जहां योग फॉर वन अर्थ, वन हेल्थ एक वैश्विक संकल्प बन जाए।
edited by : Nrapendra Gupta

