• Webdunia Deals
  1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. राष्ट्रीय
  4. People considered the woman walking on the water of Narmada river as a goddess.
Written By
Last Updated : सोमवार, 10 अप्रैल 2023 (13:01 IST)

नर्मदा नदी के पानी पर चलने वाली महिला को लोगों ने देवी माना, महिला ने खुद बताई वायरल वीडियो की सच्‍चाई

jyoti raghuwanshi
जबलपुर। सोशल मीडिया में पिछले दो दिनों से एक वीडियो वायरल हो रहा है। यह वीडियो मध्‍यप्रदेश के जबलपुर शहर का है। वीडियो में एक महिला नर्मदा नदी में पानी पर चलते हुए नजर आ रही हैं। पानी पर चलता देख लोग उसे देवी समझने लगे। पानी पर चलने का दृश्‍य देखकर हजारों लोगों की भीड़ महिला के पास जमा हो गई। लोग देवी मानकर उसकी पूजा करने लगे। चारों तरफ चमत्‍कार की अफवाह फैल गई। लेकिन जब महिला ने खुद इस सच्‍चाई के बारे में बताया तो पूरा मामला साफ हो सका।

वेबदुनिया ने भी जब इसके बारे में पता किया और जबलपुर में स्‍थानीय पत्रकार तरुण मिश्रा से चर्चा की तो उन्‍होंने बताया कि यह महज एक अफवाह थी। उन्‍होंने बताया कि किसी ने महिला का पानी पर चलते हुए दूर से वीडियो बना लिया था, इसमें दूरी की वजह से ऐसा लगता था कि महिला पानी पर चल रही है। हालांकि ऐसा कुछ नहीं था। बाद में महिला ने भी इस बारे में स्‍थिति स्‍पष्‍ट कर दी।  
अफवाह जब दूर तक फैल गई और हजारों लोग महिला को देवी मानकर उसकी पूजा और दर्शन करने के लिए जमा होने लगे तो महिला ने बताया कि वो कोई देवी नहीं है। उसने बताया है कि वह नर्मदा परिक्रमा यात्रा कर रही हैं। उसने बताया कि जब वो परिक्रमा के बाद नर्मदा में स्नान कर बाहर निकल रही थी, तो कुछ लोगों ने उसका वीडियो बना लिया। उसने अपना नाम ज्योति रघुवंशी बताया और बताया कि वो 51 साल की है। उसने बताया कि वो एक साधारण इंसान हैं। उनके पास ना तो कोई चमत्कारिक शक्ति है और ना ही उन्हें कोई सिद्धियां प्राप्त हैं। पानी पर चलने की अफवाहों को गलत बताते हुए उन्होंने कहा कि जहां पानी कम होता है, वे वहां से निकलती हैं। गहरे पानी में नहीं चलती हैं। उसने बताया कि नदी में जिस जगह वो चल रही थी, वहां पानी कम ही था। लेकिन लोगों ने वीडियो में इसे पानी पर चलना बताकर वायरल कर दिया।

बता दें कि मीडिया में आई जानकारी के मुताबिक महिला के परिवार के लोगों ने भी उसके देवी होने से इनकार किया है। परिजनों ने बताया है कि महिला का मानसिक संतुलन ठीक नहीं है। इतना ही नहीं, वह पिछले कुछ महीनों से घर से गायब थी। वे उसकी तलाश कर रहे थे। इसी बीच यह वीडियो सामने आ गया।

इससे पहले महिला के वायरल वीडियो को लेकर तरह-तरह के दावे किए जा रहे थे। ग्रामीणों ने दावा किया था कि वह पानी पर चलकर नर्मदा नदी को पैदल ही पार कर लेती हैं। यह भी कहा गया था कि वे जब नर्मदा स्नान करती हैं तो पानी से उनका शरीर गीला नहीं होता। लेकिन अब महिला के खुलासे के बाद इस अफवाह की पोल खुल गई है।
Edited by navin rangiyal
ये भी पढ़ें
दलाई लामा ने माफी मांगी, आखिर क्यों विवाद में आए तिब्बती धर्मगुरु?