1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. राष्ट्रीय
  4. Om Birla to become loksabha speaker

राजस्थान से भाजपा सांसद ओम बिड़ला होंगे लोकसभा स्पीकर, मिला अमित शाह से नजदीकी का इनाम

Om Birla
नई दिल्ली। राजस्थान से भाजपा सांसद ओम बिड़ला लोकसभा के नए स्पीकर होंगे। वह कोटा सीट से लगातार दूसरी बार सांसद चुने गए हैं। वह आज अपना नामांकन दाखिल करेंगे। उन्हें भाजपा अध्यक्ष अमित शाह का करीबी माना जाता है। 

नामांकन भरने के बाद बिड़ला आसानी से अध्यक्ष बन जाएंगे क्योंकि सदन में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन के पास स्पष्ट बहुमत है। अगर आवश्यक हुआ तो इस पद के लिए चुनाव बुधवार को कराया जा सकता है।

अगर वह निर्वाचित हो गए तो लोकसभा अध्यक्ष के तौर पर आठ बार सांसद रही सुमित्रा महाजन का स्थान लेंगे। आमतौर पर लोकसभा अध्यक्ष पद के लिए वरिष्ठता क्रम पर विचार किया जाता है लेकिन ऐसे भी मौके रहे हैं जब एक बार और दो बार के निर्वाचित सांसद अध्यक्ष बने हैं।
 
मनोहर जोशी को 2002 में लोकसभा अध्यक्ष चुना गया था और तब वह पहली बार ही सांसद बने थे। उन्होंने दो बार के सांसद जीएमसी बालयोगी का स्थान लिया था जिनकी हेलीकॉप्टर दुर्घटना में मौत हो गई थी।
 
ओम बिड़ला का जन्म 4 दिसंबर 1962 को हुआ था। वह कोटा से सांसद चुने गए हैं। इससे पहले वे कोटा साउथ से तीन बार विधायक भी रहे हैं। वे विभिन्न माध्यमों के द्वारा सामाजिक सेवा, राष्ट्र सेवा, गरीब, वृ्द्ध, ​​विकलांग और असहाय महिलाओं की सहायता करने में रुचि रखते हैं। 
 
सदन में सांसदों को शपथ दिलाने के लिए प्रोटेम स्पीकर के तौर पर टीकमगढ़ से बीजेपी सांसद वीरेंद्र कुमार को नियुक्त किया गया है। वह नव नियुक्त सांसदों को शपथ दिला रहे हैं।
अगला लेख
मौसम अपडेट : यहां चलेगी धूलभरी आंधी, मिलेगी गर्मी से राहत