1. खबर-संसार
  2. समाचार
  3. राष्ट्रीय
  4. Notbandi, Narendra Modi, 3 million people unemployed

नोटबंदी से तीन करोड़ लोग हुए बेरोजगार : शरद यादव

Notbandi
गया। राज्यसभा सांसद शरद यादव ने आज कहा कि नोटबंदी के कारण पूरे देश में तीन करोड़  लोग बेरोजगार हुए हैं। यादव ने यहां कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नोटबंदी लागू करने से  पूरे देश में तीन करोड़ लोग बेरोजगार हो गए। उन लोगों के सामने अब रोजगार की बड़ी  समस्या है। 
 
उन्होंने कहा कि पूर्व वित्त मंत्री यशवंत सिन्हा ने नोटबंदी को लेकर जो बयान दिया है, वह  सोचनीय है। इस पर सरकार को विचार करना चाहिए। उन्होंने कहा कि नोटबंदी के कारण की  देश के सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) की वृद्धि दर भी गिरी है।
            
सांसद ने कहा कि नोटबंदी और वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) से आम अवाम को काफी परेशानी  हुई है। लोगों को रोजगार के साथ-साथ व्यवसाय करने में भी काफी दिक्कतों का सामना करना  पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि जीएसटी लगाकर सरकार ने आम लोगों और कारोबारियों के समक्ष  बड़ी समस्या खड़ी कर दी है। 
 
यादव ने कहा कि कुछ लोगों ने महागठबंधन को तोड़कर जनता के साथ धोखा किया है। बिहार  की 11 करोड़ जनता ने पांच साल के लिए महागठबंधन को अपना बहुमत दिया था। लेकिन  महज चार से पांच घंटे में ही हमारे मित्र बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार एवं अन्य लोगों ने  गठबंधन तोड़कर जनता के साथ धोखा किया है।
                    
सांसद ने कहा कि कुमार की धोखाधड़ी के बारे में राज्य को जनता को बताने के लिए ही वह  संवाद यात्रा पर निकले हैं। उन्होंने कहा कि वह पहले भी महागठबंधन के साथ थे, आज भी हैं  और आगे भी रहेंगे। दो वर्ष बाद लोकसभा चुनाव होने वाला है, जिसमें जनता इन लोगों को  बहुत कुछ समझा देगी।
          
यादव ने कहा कि आजादी के बाद लोगों को मत देने का अधिकार मिला है। जनता ही सरकार  चुनती है। ऐसे में जनता सर्वोपरि है और उसे धोखा देना कहीं से भी ठीक नहीं है। जिन लोगों  ने जनता के साथ धोखेबाजी की है उन्हें आने वाले समय में उनकी हैसियत पता लग जाएगा।
(वार्ता) 
अगला लेख
कमाई के मामले में प्रियंका शीर्ष 10 टीवी अभिनेत्रियों में शुमार