• Webdunia Deals
  1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. राष्ट्रीय
  4. Northeast states likely to receive rain with thunderstorm during next 24 hours
Written By
Last Modified: शनिवार, 2 मई 2020 (20:45 IST)

पूर्वोत्‍तर राज्यों में अगले 24 घंटे के दौरान तूफान के साथ बारिश के आसार

पूर्वोत्‍तर राज्यों में अगले 24 घंटे के दौरान तूफान के साथ बारिश के आसार - Northeast states likely to receive rain with thunderstorm during next 24 hours
पुणे। नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में अलग-अलग स्थानों पर अगले 24 घंटे के दौरान 60 किमी प्रति घंटे से अधिक की गति के तूफान के साथ बारिश होने के आसार हैं।

मौसम विभाग के मुताबिक, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा और निकोबार द्वीप समूह पर अलग-अलग स्थानों पर भारी वर्षा होने के भी आसार हैं। तेलंगाना में अलग-अलग स्थानों पर 30-40 किमी प्रति घंटे तक की गति से धूलभरी आंधी के साथ बारिश और ओले गिर सकते हैं।

जम्मू कश्मीर, लद्दाख, गिलगिट-बाल्टिस्तान, मुजफ्फराबाद, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल, सिक्किम, ओडिशा, मध्य महाराष्ट्र, तटीय आंध्र प्रदेश, यनम, कर्नाटक, तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल, केरल और माहे अलग-अलग स्थानों पर 30-40 किमी प्रति घंटे की तेज़ गति से आंधी के साथ बारिश होने का अंदेशा है। पूर्वी मध्य प्रदेश, विदर्भ, छत्तीसगढ़, असम, मेघालय, कोंकण और गोवा में अलग-अलग स्थानों पर बिजली के साथ हलकी बारिश होने का अनुमान है।

राजस्थान में कहीं-कहीं 30-40 किमी प्रति घंटे की गति से धूलभरी आंधी चल सकती है या गरज के साथ बारिश हो सकती है। बंगाल की दक्षिण-पूर्व खाड़ी और दक्षिण अंडमान सागर पर 40-50 किमी से लेकर 65 किमी प्रति घंटे की तेज गति से तूफान चलने और समुद्र का रुख प्रतिकूल रहने का अंदेशा है। मछुआरों को इन क्षेत्रों में काम नहीं करने की सलाह दी गई है।

दिन का तापमान अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, जम्मू और कश्मीर में सामान्य से अत्यधिक ऊपर रहा। राजस्थान, केरल और माहे के कुछ हिस्सों में तापमान सामान्य से काफी ऊपर रहा। हिमाचल प्रदेश, पश्चिम मध्य प्रदेश, गुजरात, कोंकण और गोवा के कुछ हिस्सों तथा असम, मेघालय और राजस्थान के शेष हिस्सों में तापमान सामान्य से ऊपर रहा।

ओडिशा, झारखंड, बिहार, उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में दिन का तापमान सामान्य से अत्यधिक नीचे दर्ज किया गया।पश्चिम बंगाल, सिक्किम, पूर्व मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में तथा उत्तर प्रदेश के शेष हिस्सों में तापमान सामान्य से काफी नीचे रहा। तेलंगाना के कुछ हिस्सों में तथा ओडिशा और छत्तीसगढ़ के शेष हिस्सों में तापमान सामान्य से नीचे रहा।

पूर्वी राजस्थान के चूरू में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 44.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जम्मू कश्मीर, पंजाब, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, ओडिशा, तटीय आंध्र प्रदेश, केरल, माहे और दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में अलग-अलग स्थानों पर शुक्रवार को 20.30 बजे से शनिवार को 8.30 बजे के बीच आंधी तूफान के साथ बारिश हुई।

पिछले 24 घंटे के दौरान पश्चिम बंगाल में गंगा के तटवर्ती इलाके और बिहार में अधिकांश स्थानों पर, ओडिशा के कई स्थानों पर तथा पश्चिम बंगाल के पर्वतीय हिस्से, सिक्किम, झारखंड, जम्मू कश्मीर, तटीय आंध्र प्रदेश, दक्षिण आंतरिक कर्नाटक और अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में कुछ स्थानों के साथ अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, पूर्वी उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, पूर्व मध्य प्रदेश, विदर्भ, छत्तीसगढ़, मध्य महाराष्ट्र, तेलंगाना, रायलसीमा, तमिलनाडु, तटीय और उत्तर आंतरिक कर्नाटक और केरल के अलग-अलग हिस्सों में बारिश हुई या फिर छींटे पड़े।

पश्चिमी उत्तर प्रदेश, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, राजस्थान, पश्चिम मध्य प्रदेश, गुजरात, कोंकण, गोवा, मराठवाड़ा और लक्षद्वीप में मौसम शुष्क रहा।(वार्ता)
ये भी पढ़ें
आरोग्य सेतु ऐप पर राहुल गांधी ने उठाए सवाल, प्राइवेसी और सुरक्षा पर जताई चिंता