1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. राष्ट्रीय
  4. north india weather update 15 december

राजस्थान के फतेहपुर में पारा शून्य से नीचे, दिल्ली में कैसी है सर्दी?

north india weather
weather update 15 december : पहाड़ों राज्यों में बर्फबारी के बाद चली शीतलहर ने उत्तर भारत के मैदानी इलाकों को अपनी चपेट में ले लिया है। राजस्थान, दिल्ली, मध्यप्रदेश, पंजाब और हरियाणा समेत कई राज्यों में कड़ाके की सर्दी पड़ रही है। राजस्थान के फतेहपुर में पारा शून्य से नीचे पहुंच गया जबकि राजधानी दिल्ली में भी न्यूनतम तापमान सामान्य से 3 डिग्री नीचे दर्ज किया गया। 
 
कैसा है राजस्थान का मौसम : मौसम विभाग के अनुसार बीते चौबीस घंटे में राजस्थान में कुछ स्थानों पर शीतलहर व एक दो स्थानों पर अति शीतलहर दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार बीती रात फतेहपुर में न्यूनतम तापमान शून्य से 1.2 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। चुरू में न्यूनतम तापमान 1.6 डिग्री, भीलवाड़ा में 2.2 डिग्री,संगरिया, पिलानी व सिरोही में 2.6 डिग्री, चित्तौड़गढ़ में 3.2 डिग्री और अलवर में 4.0 डिग्री दर्ज किया गया। राज्य के अधिकतर शहरों में भी न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से कम बना हुआ है।
 
पंजाब और हरियाणा में शीतलहर : हरियाणा और पंजाब के कई हिस्सों में शनिवार को भी शीतलहर जारी रही। फरीदकोट में न्यूनतम तापमान एक डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पंजाब के पठानकोट में न्यूनतम तापमान 2.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि गुरदासपुर में 2.8 डिग्री और बठिंडा में 3.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अमृतसर में न्यूनतम तापमान 3.4 डिग्री सेल्सियस, लुधियाना में 7.8 डिग्री सेल्सियस और पटियाला में 6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
 
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, हरियाणा के करनाल में न्यूनतम तापमान 4 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया जबकि हिसार और भिवानी में न्यूनतम तापमान 4.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। नारनौल में भी कड़ाके की ठंड पड़ रही है। वहां न्यूनतम तापमान 4.5 डिग्री दर्ज किया गया।
 
cold in north india
क्या है दिल्ली का हाल : मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली में रविवार को न्यूनतम तापमान 4.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से तीन डिग्री कम है। राष्ट्रीय राजधानी में इस मौमस का अब तक का सबसे कम तापमान 4.5 डिग्री सेल्सियस गुरुवार को दर्ज किया गया था। इस बीच, राष्ट्रीय राजधानी में सुबह नौ बजे वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 257 रहा जो ‘खराब’ श्रेणी में आता है।
 
मध्यप्रदेश में पचमढ़ी सबसे सर्द : मध्यप्रदेश के पचमढ़ी में शनिवार को 2 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। राज्य के 8 शहरों में पारा 2 से 5 डिग्री दर्ज किया गया। उमरिया में 2.8, मंडला में 3 डिग्री, भोपाल और रायसेन में 3.8 डिग्री तापमान दर्ज किया है। रतलाम में ठंड की वजह से एक व्यक्ति की मौत हो गई। मौसम विभाग ने प्रदेश के 25 जिलों में शीतलहर का अलर्ट जारी किया है। 
 
edited by : Nrapendra Gupta 
लेखक के बारे में
वेबदुनिया न्यूज डेस्क
वेबदुनिया न्यूज़ डेस्क पर हमारे स्ट्रिंगर्स, विश्वसनीय स्रोतों और अनुभवी पत्रकारों द्वारा तैयार की गई ग्राउंड रिपोर्ट्स, स्पेशल रिपोर्ट्स, साक्षात्कार तथा रीयल-टाइम अपडेट्स को वरिष्ठ संपादकों द्वारा सावधानीपूर्वक जांच-परख कर प्रकाशित किया जाता है।.... और पढ़ें
अगला लेख
मोदी सरकार का बड़ा फैसला, लोकसभा में सोमवार को पेश नहीं होगा वन नेशन, वन इलेक्शन बिल