शुक्रवार, 26 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. राष्ट्रीय
  4. Narendra Modi warns BJP workers
Written By
Last Updated : सोमवार, 10 अक्टूबर 2022 (21:23 IST)

मोदी ने भाजपा कार्यकर्ताओं को किया आगाह, कहा- कांग्रेस की साजिश को विफल करना होगा

मोदी ने भाजपा कार्यकर्ताओं को किया आगाह, कहा- कांग्रेस की साजिश को विफल करना होगा - Narendra Modi warns BJP workers
आणंद (गुजरात)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गुजरात में कांग्रेस के 'खामोशी से' चुनाव प्रचार करने के प्रति भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कार्यकर्ताओं को सोमवार को आगाह किया और कहा कि विपक्षी पार्टी की साजिश का मुकाबला करने के लिए सत्तारूढ़ दल (भाजपा) को अपनी चुनाव रणनीति में आंशिक बदलाव करना होगा।
 
अपने गृहराज्य का 3 दिवसीय दौरा कर रहे मोदी ने कहा कि ऐसा लगता है कि कांग्रेस ने गुजरात में इस बार अपनी रणनीति बदल ली है, जहां अगले कुछ महीनों में विधानसभा चुनाव होने हैं। उन्होंने आणंद जिले के वल्लभ विद्यानगर में भाजपा की एक रैली को संबोधित करते हुए कहा कि मैं आपको आगाह करना चाहता हूं, क्योंकि मुझे ऐसा प्रतीत होता है कि इस बार कांग्रेस ने एक नई रणनीति अपनाई है। मैंने जांच नहीं की है, लेकिन सरसरी तौर पर मुझे ऐसा लगता है।
 
मोदी ने कहा कि पूर्ववर्ती विधानसभा चुनावों में कांग्रेस काफी शोर-शराबा किया करती थी और भाजपा का सफाया करने की शेखी बघारती थी लेकिन 20 वर्षों में हम नहीं हारे, इसलिए उसने कुछ नया किया है। इसी कारण हमें सतर्क रहने की जरूरत है। वे गुजरात के 13 वर्षों तक मुख्यमंत्री रह चुके हैं।
 
प्रधानमंत्री ने कहा कि कांग्रेस खुलकर कुछ नहीं कह रही है, लेकिन गांवों में जाकर और अपने लाभ के लिए दूसरों को प्रभावित करने की अपनी पुरानी तरकीब अपना रही है। वे (कांग्रेस के नेता) खबरों में नहीं दिख रहे हैं, न ही संवाददाता सम्मेलन कर रहे हैं, न भाषण दे रहे हैं इसलिए भ्रमित नहीं हों। यह (कांग्रेस) बोल नहीं रही है, लेकिन यह गांवों में पहुंच रही है, बैठक कर रही है।
 
उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं को सतर्क रहने और मुख्य विपक्षी दल की इस नई रणनीति का मुकाबला करने की जरूरत है। इस तथ्य के आधार पर उसका आकलन नहीं करें कि उसने जनसभाएं, संवाददाता सम्मेलन नहीं किए हैं या बयान नहीं दिए हैं। आपको आगामी चुनावों के लिए सतर्क रहने की जरूरत है।
 
मोदी ने गुजरात की अपनी यात्रा के दूसरे दिन एक रैली में कहा कि इसने (कांग्रेस ने) गांवों में जहर फैलाने के लिए अलग तरह से चीजों की व्याख्या कर लोगों को कहने की एक नई रणनीति अपनाई है। उन्होंने आगामी चुनावों के लिए भाजपा कार्यकर्ताओं से मतदाताओं से संपर्क करने और घर-घर जाकर प्रचार करने को कहा।
 
उन्होंने कहा कि हमें यह बखूबी समझना होगा और हमारी रणनीति में कुछ पहलू जोड़ने होंगे। मैं आश्वस्त हूं कि सीआर पाटिल (पार्टी की गुजरात इकाई के प्रमुख) के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ता किसी भी संकट से निपट सकते हैं। हमें घर-घर (मतदाताओं के) जाकर कांग्रेस की साजिश को परास्त करना होगा।
 
Edited by: Ravindra Gupta(भाषा)
ये भी पढ़ें
प्रधानमंत्री बन सकती थीं सोनिया गांधी, कैसे मुलायम और पवार ने दिया था उम्मीदों को झटका