ganesh chaturthi
Mon, 28 Sep 2026

Notifications

  1. खबर-संसार
  2. समाचार
  3. राष्ट्रीय
  4. Najeeb Jung, Delhi Lt Governor

दिल्ली के उपराज्यपाल नजीब जंग ने इस्तीफा दिया

Najeeb Jung
नई दिल्ली। दिल्ली के उपराज्यपाल नजीब जंग ने गुरुवार को अपने पद से इस्तीफा दे दिया। जंग जुलाई 2013 में दिल्ली के उपराज्यपाल बने थे। वे दिल्ली के 20वें उपराज्यपाल थे। अरविंद केजरीवाल की अगुवाई में पिछले साल फरवरी में दिल्ली में नई सरकार बनने के बाद जंग और मुख्यमंत्री के बीच लगातार मतभेद बने रहे। 
उन्होंने अपने इस्तीफे में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केजरीवाल को धन्यवाद दिया है। इस्तीफे के बाद जंग ने स्पष्ट किया कि वे अब फिर से शिक्षा के क्षेत्र से जुड़ेंगे। जंग को जब दिल्ली के उपराज्यपाल का कार्यभार सौंपा गया था वे जामिया मिलिया के कुलपति थे।
 
बेदी और बस्सी के नामों की अटकलें : जंग के इस्तीफे के बाद भारतीय पुलिस सेवा की पहली महिला अधिकारी रहीं और वर्तमान पुड्डुचेरी की उपराज्यपाल किरण बेदी और दिल्ली के पूर्व पुलिस आयुक्त भीमसेन बस्सी को दिल्ली का उपराज्यपाल बनाए जाने की अटकलें जोरों पर हैं। बेदी दिल्ली विधानसभा के पिछले साल हुए चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की मुख्यमंत्री पद की उम्मीदवार थीं। पुलिस आयुक्त के रूप में बस्सी और केजरीवाल के बीच लगातार तनातनी रही थी।
                   
मोदी को दिया धन्यवाद : उन्होंने एक बयान जारी कर अपने इस्तीफे की जानकारी दी। बयान में उन्होंने कहा है कि सरकार को अपना इस्तीफा सौंप दिया है। उपराज्यपाल के रूप में कार्यकाल के दौरान मोदी से मिले सहयोग का धन्यवाद करते हुए जंग ने कहा कि इस दौरान उन्हें पूरा सहयोग मिला। दिल्ली की जनता को भी विशेषकर एक वर्ष के राष्ट्रपति शासन काल के दौरान मिले सहयोग के लिए जंग ने धन्यवाद दिया।             
 
पिछले दो वर्ष के दौरान मुख्यमंत्री से मिले सहयोग के लिये भी जंग ने धन्यवाद दिया। जंग और केजरीवाल के बीच अधिकारों की लड़ाई को लेकर बराबर शब्दबाण चलते रहे। यह मामला अदालतों तक भी पहुंचा। दिल्ली उच्च न्यायालय ने प्रशासनिक मामलों में उपराज्यपाल को दिल्ली का सर्वेसर्वा बताया। जंग और मुख्यमंत्री के बीच खींचतान की शुरुआत मुख्य सचिव राजेन्द्र कुमार के छुट्टी पर जाने के दौरान कार्यवाहक मुख्य सचिव की नियुक्ति को लेकर हुई थी। 
 
जंग ने शकुंतला बी गेमलिन को कार्यवाहक मुख्य सचिव नियुक्त किया था जिसका सरकार ने विरोध किया था। इस प्रकरण के बाद से राजनिवास और दिल्ली सरकार के बीच लगातार कई मौकों पर तनातनी बनी रही थी (वार्ता)
 
कौन हैं नजीब जंग : दिल्ली में 18 जनवरी, 1951 को जन्मे जंग दिल्ली के 20वें उपराज्यपाल बने। 1973 में वे भारतीय प्रशासनिक सेवा में आए और मध्यप्रदेश के साथ ही उन्होंने केन्द्र में भी काम किया। जामिया मिलिया इस्लामिया केन्द्रीय विश्वविद्यालय दिल्ली के वे 13वें कुलपति भी रहे। जंग की शुरुआती शिक्षा दिल्ली के सेंट कोलंबिया स्कूल में हुई, जबकि सेंट स्टीफन कॉलेज से उन्होंने बीए और इतिहास में एमए किया।