1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. राष्ट्रीय
  4. murder of bjp worker in west bengal

मृत भाजपा नेता के परिजनों से मिले अमित शाह, बताया- राजनीतिक हत्या

west bengal
कोलकाता। उत्तरी कोलकाता के काशीपुर इलाके में शुक्रवार सुबह भाजपा का एक कार्यकर्ता रहस्यमय परिस्थितियों में मृत पाया गया। वहीं, पश्चिम बंगाल के दो दिवसीय दौरे पर पहुंचे केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कार्यकर्ता के घर जाकर परिजनों से मुलाकात की। मुलाकात के बाद उन्होंने इसे राजनीतिक हत्या करार दिया।
 
पुलिस ने बताया कि भाजपा युवा मोर्चा के कार्यकर्ता अर्जुन चौरसिया का शव घोष बागान इलाके में एक सुनसान इमारत के अंदर फंदे से लटका मिला। भाजपा ने आरोप लगाया है कि कार्यकर्ता की हत्या सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) ने की है, हालांकि पार्टी ने आरोपों से इनकार किया है।
 
भाजपा प्रवक्ता गौरव भाटिया ने कहा कि पश्चिम बंगाल में भाजपा युवा मोर्चा का एक युवा, कर्मठ, कार्यकर्ता की हत्या कर दी जाती है। उसका कसूर केवल इतना है कि वो विपक्षी पार्टी का कार्यकर्ता है। बंगाल में जो डर और अराजकता का माहौल है, उससे लगता है कि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी वहां की जनता के लिए कोई संवेदना नहीं रखती हैं।
 
उन्होंने कहा कि ममता बनर्जी पीड़ितों को इंसाफ दिलाने के बजाए, आरोपियों को संरक्षण देती हैं। भाजपा के जिस युवा कार्यकर्ता अर्जुन चौरसिया की हत्या की गई है, उन्हें चुनाव के बाद से ही टीएमसी के गुंडे धमकियां दे रहे थे। आखिर क्यों उनकी सुरक्षा का इंतजाम नहीं किया गया?
 
प्रदेश भाजपा प्रवक्ता समिक भट्टाचार्य ने कहा कि चौरसिया पार्टी के एक कुशल कार्यकर्ता थे। आज सुबह वह मृत पाए गए। उन्हें एक बाइक रैली में शामिल होना था, जिसे अमित शाह जी के स्वागत के लिए कोलकाता हवाई अड्डे से निकाला जाना था।
 
भाजपा के आरोप का खंडन करते हुए टीएमसी सांसद शांतनु सेन ने कहा कि हमारे खिलाफ लगाए गए आरोप निराधार हैं। पुलिस को मामले की जांच करने दें। पुलिस ने बताया कि घटना की जांच शुरू कर दी गई है।
 
चौरसिया के परिवार ने उनकी मौत की सीबीआई जांच की मांग की है, जबकि पुलिस द्वारा उनके शव को मौके से हटाने की कोशिश करने पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए मौके पर बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों को भेजा गया।
अगला लेख
बड़ी खबर, तेजिंदर पाल बग्गा को लेकर दिल्ली आ रही है दिल्ली पुलिस